
Gaya: कोरोना जैसी महामारी से पूरे विश्व में आतंक का मौहाल व्याप्त हो गया है. वहीं, भारत मे भी कोरोना की इस दूसरी लहर ने जबरदस्त तबाही मचा दी है और हर तरफ हाहाकार मचा हुआ है. कहीं एम्बुलेंस के लिए तो कहीं ऑक्सीजन के लिए, लोग भागमभाग कर रहे है ताकि किसी भी तरह से अपनो की जान बचा सके.
बिहार में हो रही ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए मोक्ष और ज्ञान की नगरी में रहने वाले निवासियों के लिए इस कोरोना काल मे जहां सरकार विफल साबित हो रही हैं वहीं, लोगों की जरूरतों को पूरी करने और ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया करने के लिए देश नहीं बल्कि विदेशी पर्यटकों ने अपना हाथ खोल दिया है. वे ऑक्सीजन गैस के सिलेंडर का इंतजाम कर लोगों के जीवन को बचाने का कार्य कर रहे हैं.
दरसअल, कोरोना से देश के बिगड़ते हालात और ऑक्सीजन के कमी को देखते हुए 10 विदेशों में रहने वाले लोगों ने बोधगया की संस्था सिद्धार्था कंप्रेशन ट्रस्ट के संचालक विवेक कुमार कल्याण से संपर्क किया और कोरोना महामारी के हालात की जानकारी ली. इसके बाद विदेशों में रहने वाले लोगों ने मोक्ष और ज्ञान की नगरी के लोगों को हो रही परेशानी को दूर करने के लिए हर सम्भव सहयोग करने के लिए अपने हाथों को खोला दिया और ऑक्सीजन गैस सिलेंडर की आपूर्ति के लिए निःशुल्क सेवा की शुरुआत कर दी.
इस कार्य में विदेश के वियतनाम के इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कम्युनिटी, यूएसए के सिस्टर ब्लू लॉट्स, मलेशिया के क्रिस्टल लाव, थाईलैंड के रॉबर्ट, यूएसए के केरी थिंक मिन, चीन के जेम्स चाओ, वियतनाम के केटली सहित 10 विदेशी मुल्क हैं जो मदद के लिए आगे आए हैं और जरूरत मंदो की सहायता कर रहे है. साथ ही ऑक्सीजन गैस का वितरण कर कोरोना संक्रमित लोगों को एक नया जीवन दे रहे हैं.
संस्था के संचालक विवेक कुमार कल्याण ने बताया कि ‘ये संस्था पिछले 15 वर्षों से लोगों की सेवा कर रही है. लेकिन अभी ऑक्सीजन के नहीं मिलने से लोगों की जान जा रही हैं. इसलिए हम सभी लोगों को ऑक्सीजन की आपूर्ति कर रहे हैं. ये ऑक्सीजन सिलेंडर ऐसे लोगों को दिया जा रहा है जो होम आइसोलेशन में हैं और जिन्हें सांस लेने में काफी परेशानी हो रही है. ऐसे जरूरतमंद लोगों को ऑक्सीजन को मुहैया कराया जा रहा है. लोग इस कार्य के लिए मुझे धन्यवाद भी दे रहे हैं.’
ये भी पढ़ें: केंद्र से फिर मिले 5 लीटर के 92 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर: मंगल पांडेय
उन्होंने आगे कहा कि ‘अभी तक हम 200 लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर देकर उनकी मदद कर चुके हैं और आने वाले दिनों में और भी सिलेंडर की व्यवस्था कर रहे हैं. मेरा पूरा प्रयास होगा कि गया व बोधगया की जनता को ऑक्सीजन सिलेंडर की दिक्कत नहीं हो.’
(इनपुट- जय प्रकाश कुमार)
