Who is Cricketer Anushka Sharma: महिला प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे मैच में गुजरात जायंट्स का सामना यूपी वॉरियर्स से हो रहा है. नवी मुंबई में खेले जा रहे मैच में 22 साल की युवा महिला खिलाड़ी अनुष्का शर्मा ने अपने WPL डेब्यू पर महफिल लूट ली. गुजरात जायंट्स की तरफ से नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए अनुष्का ने 30 गेंदों पर 44 रनों की आकर्षक पारी खेली. उन्हें खेलते देखकर किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि ये महिला प्रीमियर लीग में उनका पहला मुकाबला है.
डॉ. डी. वाई. पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेले जा रहे मुकाबले में यूपी वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. 41 रन के स्कोर पर गुजरात जायंट्स को पहला झटका लगा. बेथ मूनी 13 रन बनाकर आउट हो गईं. इसके बाद क्रीज पर उतरीं 22 साल की युवा अनुष्का शर्मा, जिन्होंने कुछ ही देर में अपनी बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीत लिया.
WPL डेब्यू पर छा गईं अनुष्का शर्मा
महिला प्रीमियर लीग में डेब्यू कर रहीं अनुष्का शर्मा ने 44 रनों की शानदार पारी खेली. सबसे खास बात ये रही कि इस इनिंग के दौरान वो बिल्कुल दबाव में नहीं दिखीं. उन्होंने कप्तान एशले गार्डनर के साथ चौथे विकेट के लिए 103 रनों की पार्टनरशिप की. वो जिस अंदाज से गेंदबाजों का सामना कर रही थीं, उसे देखकर कमेंटेटर्स को टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की याद आ गई. स्टारस्पोर्ट्स पर एक महिला कमेंटेटर ने ये भी बताया कि अनुष्का शर्मा बचपन से विराट कोहली को फॉलो करती हैं और उन्हें अपना आइडल मानती हैं.
— Star Sports (@StarSportsIndia) January 10, 2026
कौन हैं क्रिकेटर अनुष्का शर्मा?
22 साल की अनुष्का शर्मा घरेलू क्रिकेट में मध्यप्रदेश के लिए खेलती हैं. छोटी उम्र से ही इस खेल के प्रति उन्होंने पूर्ण रूप से समर्पण कर दिया था. WPL 2026 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में उन्होंने अपना बेस प्राइस 10 लाख रखा था. गुजरात जायंट्स के साथ-साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी अनुष्का पर बोली लगाई, लेकिन गुजरात जायंट्स ने 45 लाख रुपये में युवा ऑलराउंडर को खरीद लिया. मध्यप्रदेश से खेलते हुए अनुष्का शर्मा ने कई यादगार और मैच जिताऊ पारियां खेली, जिसके कारण सबका ध्यान उनकी तरफ गया. सेंट्रल जोन की तरफ से खेलते हुए उन्होंने 5 मैचों में 155 रन बनाए और सीनियर इंटर जोनल टी20 लीग टूर्नामेंट में उच्चतम स्कोरर रही थीं.
गुजरात जायंट्स ने खड़ा किया 207 रनों का पहाड़
यूपी वॉरियर्स के खिलाफ मैच में गुजरात जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 207 रनों का पहाड़ खड़ा किया. कप्तान एशले गार्डनर ने 41 गेंदों पर 65 रनों की शानदार पारी खेली. वहीं, 22 साल की अनुष्का शर्मा ने उनका अच्छा साथ निभाया. जायंट्स ने आखिरी दो ओवर में 34 रन बना दिए. इस पारी के दौरान कुल 10 छक्के लगे. यूपी वॉरियर्स के लिए सोफी एक्लेस्टोन ने 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट हासिल किए.
ये भी पढ़ें: MIW vs RCBW मैच में गजब कांड! नदीन डी क्लर्क को एक गेंद पर दो बार कैसे मिला जीवनदान? ऐसा नजारा नहीं देखा होगा!
