iran women protest: ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में असंतोष की चिंगारी ज्वाला बनकर तेहरान के कट्टरपंथी शाषकों का कलेजा जला रही है. महिलाएं भी हजारों की तादाद में सत्ता विरोधी प्रदर्शनों में शामिल हुई हैं. युवतियों की ऐसी तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें वो ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की जलती हुई तस्वीर की लपटों से सिगरेट जला रही हैं. ये वीडियो ईरानी महिलाओं के विरोध के ऐसे प्रतीक बन गए हैं, जिसे भुलाना खामेनेई के लिए आसान नहीं होगा. महिलाओं चीख चीख कर बता रही हैं कि उन्हें दशकों तक दबाकर अमानवीय पाबंदियों के दायरे में रखा गया. जिस तेहरान की सड़कों पर बुर्का या हिजाब के बिना निकलने पर युवतियों और महिलाओं को सरेआम पीटा जाता था, वहीं खामनेई की तस्वीर से सिगरेट जलाकर सत्ता को चुनौती दी गई है.
विरोध का नया ट्रेंड
एक युवती ने सिगरेट जलाने का ट्रेंड शुरू किया जो देखते देखते वायरल हो गया. कहा जाता है कि लोहा, लोहे को काटता है उसी तरह मानो ये युवतियां खामेनेई की तस्वीर जलाकर उसकी लपटों से अपने ‘कलेजे’ पर दशकों से लगी आग को ठंडा कर रही हैं.
The brave women of Iran (true feminists) are making it a trend to take photos of themselves lighting a cigarette with a burning picture of the terrorist Ali Khamenei during ongoing protests across the country, including the Iranian capital, Tehran. pic.twitter.com/hkaw019T2z
— militantosh (@MilitanTosh) January 9, 2026
भूखे पेट कोई काम सही से नहीं होता, ऐसी हालत ईरानी लोगों की हो गई है. विरोध प्रदर्शन में महिलाओं की बहुत बड़ी भूमिका दिखी है. महिलाओं के हितों के लिए काम करने वाली वालंटियर्स, पुलिस से डरे बगैर ईरान के राजनीतिक-धार्मिक नेतृत्व को चुनौती दे रहे हैं.
तस्वीरों के मायने क्या?
ईरानी कानून के तहत सुप्रीम लीडर की तस्वीर जलाना गंभीर अपराध है. इसे देशद्रोह से जोड़कर देखा जाता है. ईरानी महिलाओं पर लगी पाबंदियों के तहत किसी भी तरह का नशा करने पर उन्हें कोड़े लगाए जाते हैं. ईरान के कई शहरों से खामेनेई की तस्वीरें जलाकर सिगरेट फूंकने की तस्वीरें आना किसी क्रांति से कम नहीं है.
2022 में की हिजाब विरोधी क्रांति
हालिया प्रदर्शन 2026 की शुरुआत में हुए. लोगों ने खामेनेई के शासन का अंत करने की कसम खाई. ईरानी महिलाओं ने सड़कों पर उतर खामेनेई मुर्दाबाद के नारे लगाए. खामेनेई की तस्वीर जलाकर विरोध के इस नए तरीके के बीज 2022 में उस वक्त पड़े जब महसा अमिनी नाम की एक्टिविस्ट की मौत के बाद ईरानी युवतियों ने पाबंदियों का पहली बार इतने बड़े पैमाने पर विरोध किया.
ये भी पढ़ें- Opinion: अमेरिका को ईरान में वेनेजुएला की तरह दखल क्यों नहीं देना चाहिए? निकल सकती है हाथ से बात!
22 साल की महसा की मौत पुलिस हिरासत में हुई थी. आरोप था उसने हिजाब के नियम को तोड़ा. उनकी मौत ने कट्टर इस्लामिक रिपब्लिक सरकार को घुटनों पर ला दिया. महिलाओं ने बड़े पैमाने पर सड़कों को जाम किया. उन्होंने निगरानी के लिए लगाए कैमरे हटाकर सत्ता को चुनौती दी. बाल काटकर और हिजाब जलाकर उसका वीडियो वायरल करके खामेनेई की सत्ता को चुनौती दी. महसा की बद्दुआ से ईरान सरकार अबतक उबर नहीं पाई है.
कपड़े उतार कर प्रदर्शन
थोड़े थोड़े इंटरवल पर युवतियों और महिलाओं के प्रदर्शन, सरकार को चैन की सांस नहीं लेने दे रहे. कुछ युवतियों ने तो दिन दहाड़े सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में अपने पूरे कपड़े उतारकर खामेनेई सरकार के खिलाफ ‘नग्न’ प्रदर्शन किया. ऐसी महिलाओं का कहना है कि उन्हें मौत का डर नहीं है. वो बीते 47 सालों से खुद को मरा हुआ समझती हैं. वो दुआ करती हैं कि ईरान की सरकार जल्द गिर जाए ताकि महिला विरोधी राज खत्म हो.
छात्राओं ने स्कूली मैदानों में प्रदर्शन किए तो उन्हें जहर दे दिया गया. करीब 1000 लड़कियों की तबीयत बिगड़ी. स्वास्थ्य मंत्रालय को कबूलना पड़ा कि उनके शरीर में जहर के अंश थे. पुलिस जहर देने वालों का पता न लगा पाई. अब खामेनेई की फोटो जलाकर उनके अस्तित्व को चुनौती देने के नए तरीके को दुनिया टकटकी लगाकर देख रही है.
हिजाब समेत सेना की संपत्ति फूंक रहीं
किसी को इतना मत डराओ कि उसका डर ही खत्म हो जाए. ईरानी महिलाओं के साथ 50 सालों में ऐसा ही हुआ. बीती रात तेहरान में ईरानी महिलाओं ने न सिर्फ हिजाब जलाए बल्कि ईरान की इस्लामिक सरकार की सेना से जुड़ी संपत्तियों को भी फूंक डाला. महिलाओं ने सेना की गाड़ियों, फौजी कमांडरों के घरों को आग के हवाले कर दिया. ये हाल तब है जब तीन महीने पहले खामेनेई की तस्वीर जलाकर पोस्ट करने वाला एक युवा अपनी कार में मृत पाया गया था. उसे कनपटी से सटाकर गोली मारी गई थी, आज की तस्वीर बिल्कुल उलट है.
