Israeli PM office issues major health update For Netanyahu: पिछले कुछ दिनों से अंतरराष्ट्रीय मीडिया और सोशल मीडिया पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सेहत को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं. खास तौर पर प्रोस्टेट कैंसर को लेकर दावे किए जा रहे थे. इन खबरों के बीच प्रधानमंत्री कार्यालय ने विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट जारी कर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी. रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू को प्रोस्टेट कैंसर नहीं है. डॉक्टरों ने जांच के बाद पुष्टि की है कि उनकी सर्जरी के दौरान निकाला गया टिश्यू कैंसरयुक्त नहीं था. यह जानकारी सबसे पहले The Jerusalem Post की रिपोर्ट में सामने आई.

मेडिकल रिपोर्ट में क्या-क्या खुलासा हुआ
प्रधानमंत्री के निजी डॉक्टरों और विशेषज्ञों की टीम द्वारा जारी रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर सामान्य हैं. इसके अलावा ब्लड टेस्ट, लिवर और किडनी फंक्शन समेत सभी जरूरी मेडिकल जांचों के नतीजे भी सामान्य पाए गए. डॉक्टरों ने कहा कि उनकी कुल स्वास्थ्य स्थिति अच्छी और नियंत्रित है.

fallback

Add Zee News as a Preferred Source

दिल की सेहत पर भी अपडेट
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 2023 में लगाए गए पेसमेकर के बाद उनकी नियमित कार्डियोलॉजी निगरानी जारी है. Sheba Medical Center के विशेषज्ञों के मुताबिक अब तक किसी तरह की हार्ट रिद्म समस्या सामने नहीं आई है. डॉक्टरों ने साफ कहा कि प्रधानमंत्री सामान्य जीवनशैली और शारीरिक गतिविधियां जारी रख सकते हैं.

सर्जरी और पुरानी मेडिकल हिस्ट्री
अप्रैल 2024 में नेतन्याहू की हर्निया सर्जरी हुई थी. उसी दौरान किए गए स्कैन में प्रोस्टेट ग्रंथि बढ़ी हुई पाई गई थी. बाद में दिसंबर में लेजर तकनीक से प्रोस्टेट से जुड़ा टिश्यू हटाया गया. जांच में यह पूरी तरह सौम्य (Benign) निकला और कैंसर के कोई संकेत नहीं मिले. यह प्रक्रिया Hadassah Medical Center के डॉक्टरों की निगरानी में हुई थी.

 फिलहाल किस बीमारी का इलाज चल रहा
मेडिकल रिपोर्ट में बताया गया कि सर्जरी के बाद प्रधानमंत्री को यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन हुआ है. फिलहाल एंटीबायोटिक दवाओं से इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार यह सामान्य संक्रमण है, जिससे जल्द रिकवरी की उम्मीद है.

क्यों अहम है यह हेल्थ अपडेट
नेतन्याहू दुनिया के सबसे चर्चित नेताओं में शामिल हैं. ऐसे में उनकी सेहत से जुड़ी खबरें वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर असर डालती हैं. लंबे समय बाद जारी हुई यह विस्तृत रिपोर्ट अफवाहों पर विराम लगाने के साथ पारदर्शिता का संदेश भी देती है.