अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब किसी से छिपा नही है. अब वेनेजुएला के बाद अमेरिका ईरान पर भी वैसा ही ऑपरेशन करने की फिराक में है. मध्य पूर्व में लगातार बढ़ते तनाव के बीच डिएगो गार्सिया स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर असामान्य गतिविधियां देखी जा रही हैं. ओपन सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) से जुड़ी रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका तेज़ी से अपने युद्धक विमानों, ईंधन भरने वाले टैंकर एयरक्राफ्ट और नौसैनिक पोतों को इस क्षेत्र की ओर भेज रहा है. इन तैनातियों के कारण यह अटकलें तेज़ हो गई हैं कि क्या अमेरिका ईरान के खिलाफ किसी बड़े गुप्त या अचानक सैन्य अभियान की तैयारी कर रहा है? इसके पहले ऐसी गतिविधियों का पैटर्न उस समय जैसा दिखा था जब अमेरिका ने वेनेजुएला में चुपचाप सैन्य दबाव और खुफिया ऑपरेशन्स बढ़ाए थे.

डिएगो गार्सिया का बेस सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि यह भारत महासागर में स्थित है और मध्य पूर्व तथा एशिया के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक अमेरिकी सैन्य पहुंच को तेज़ करता है. यदि अमेरिका किसी उच्चस्तरीय ऑपरेशन या हमले की तैयारी कर रहा हो, तो इस अड्डे की भूमिका निर्णायक हो सकती है.  हालांकि व्हाइट हाउस और पेंटागन की ओर से आधिकारिक तौर पर किसी भी सैन्य कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन क्षेत्रीय तनाव, इजराइल-ईरान विवाद और समुद्री रास्तों की सुरक्षा को लेकर बढ़ते संकट को देखते हुए यह गतिविधियां ईरान की चिंता बढ़ा रही हैं.

ट्रंप लगातार खामेनेई की कर रहे हैं आलोचना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सैन्य हमला न करने की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से दी थी. हालांकि, उसी संदेश में उन्होंने ईरान के नेतृत्व परिवर्तन का संकेत देकर नई आशंकाओं को जन्म दे दिया. अमेरिका की ओर से यह साफ कहा गया था कि फिलहाल वे ईरान में जमीनी सेनाएं नहीं भेजेंगे, लेकिन इसके बावजूद ट्रंप की ईरानी सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई पर की गई लगातार टिप्पणी और आलोचना रुकने का नाम नहीं ले रही थी. इससे अमेरिकी राष्ट्रपति की नीयत पर संदेह बढ़ जाता है.

Add Zee News as a Preferred Source

मिडिल ईस्ट के आसमान में पहुंचे सी-17 ग्लोबमास्टर
स्थिति तब और संवेदनशील लगने लगी जब अमेरिकी लड़ाकू विमान मध्य पूर्व के आसमान में उड़ान भरते देखे गए. फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा से इस बात का पता चलता है कि अमेरिकी वायु सेना के दो और C-17 ग्लोबमास्टर III ट्रांसपोर्ट विमान इस क्षेत्र में आ गए हैं. C-17, जिसे C-141 स्टारलिफ्टर की जगह लेने के लिए बनाया गया है, को रणनीतिक और सामरिक एयरलिफ्ट दोनों के लिए डिज़ाइन किया गया है. ये 170,900 पाउंड तक सामान ले जाने और छोटे, बिना पक्की रनवे से ऑपरेट करने में सक्षम है. इससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया और यह सवाल उठने लगा कि क्या वाकई संकट टल गया है या फिर यह सिर्फ तूफ़ान से पहले की शांति है. 

इलाके में सक्रिय हो रहे हैं अमेरिकी जहाज
कूटनीतिक बयानों और सैन्य गतिविधियों के इस मिश्रण ने पूरे क्षेत्र में अनिश्चितता की स्थिति पैदा कर दी है, जिससे यह आशंका गहराती जा रही है कि अमेरिका और ईरान के बीच विवाद किसी भी समय भड़क सकता है. OSINT (ओपन सोर्स इंटेलिजेंस) प्लेटफ़ॉर्म्स से मिल रही रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका की सैन्य गतिविधियां मध्य-पूर्व के आसपास तेजी से बढ़ी हुई दिखाई दे रही हैं. ताज़ा जानकारी में बताया गया है कि अमेरिकी जंगी जहाज इस क्षेत्र के समुद्री इलाके में सक्रिय रूप से मंडरा रहे हैं, जबकि आसमान में कई अपडेटेड सैन्य विमान भी देखे गए हैं. इसी बीच, अमेरिकी विमानवाहक पोत USS Abraham Lincoln को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है. अनुमान लगाया जा रहा है कि यह एयरक्राफ्ट कैरियर 23 जनवरी तक अरब सागर क्षेत्र में पहुंच सकता है. इसके पहुंचने से अमेरिकी नौसेना की उपस्थिति इस इलाके में और अधिक मजबूत हो जाएगी, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

यह भी पढ़ेंः पेजेशकियन की ट्रंप को चेतावनी, कहा- खामेनेई पर हमले का मतलब जंग का ऐलान