Ayatollah Ali Khamenei: अमेरिका की ओर से संभावित सैन्य हमले की धमकियों और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ती अमेरिकी सैन्य तैनाती के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने एक अहम परंपरा तोड़ दी है. खामेनेई ने 8 फरवरी को वायु सेना के कमांडरों के साथ होने वाली वार्षिक बैठक में हिस्सा नहीं लिया, जो उन्होंने 1989 में सत्ता संभालने के बाद से हर साल निभाई थी. यह पहली बार है जब वे इस कार्यक्रम से अनुपस्थित रहे हैं.

क्यों बैठक में शामिल नहीं हुए खामेनेई

ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक, खामेनेई कोविड-19 महामारी के दौरान भी इस बैठक में शामिल हुए थे, ऐसे में मौजूदा अनुपस्थिति को असाधारण माना जा रहा है. बता दें कि ये वार्षिक सम्मेलन 8 फरवरी 1979 की उस ऐतिहासिक घटना की याद में आयोजित होता है, जब ईरानी वायु सेना के अधिकारियों ने शाह के पहलवी शासन के खिलाफ खड़े होकर इस्लामी क्रांति के नेता रुहोल्लाह खुमैनी के प्रति निष्ठा की शपथ ली थी. खुमैनी ही बाद में इस्लामी गणराज्य के पहले सर्वोच्च नेता बने और खामेनेई उनके उत्तराधिकारी रहे.

Add Zee News as a Preferred Source

पिछले 4 दशकों में यह दिन ईरान की राजनीतिक और सैन्य परंपरा का प्रतीक बन चुका है. हर साल इसी तारीख को वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी और कमांडर देश के धार्मिक नेतृत्व से मुलाकात करते रहे हैं. हालांकि इस साल खामेनेई की जगह ईरानी सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल अब्दोलरहीम मूसावी ने सेना और वायु सेना के कमांडरों को संबोधित किया.

ईरान-अमेरिका के बीच जारी है तनाव

बता दें कि खामेनेई की अनुपस्थिति ऐसे समय में हुई है जब तेहरान और वाशिंगटन के बीच तनाव चरम पर है. अमेरिका ने हाल के हफ्तों में खाड़ी और मध्य पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी को काफी बढ़ा दिया है, जिससे ईरान पर संभावित अमेरिकी हमले की आशंका गहराई है. 

ईरान ने बार-बार चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने उस पर हमला किया तो इसका असर पूरे मध्य पूर्व में पड़ेगा। तेहरान का कहना है कि किसी भी अमेरिकी कार्रवाई से क्षेत्रीय स्तर पर व्यापक संघर्ष छिड़ सकता है। यह बयान जून 2025 में हुए 12 दिनों के ईरान-इजराइल संघर्ष की पृष्ठभूमि में भी देखा जा रहा है, जिसने पहले ही क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ा दी थी.

युद्धविराम के बावजूद अमेरिका और ईरान के बीच मतभेद खत्म नहीं हुए हैं. वाशिंगटन चाहता है कि किसी भी संभावित वार्ता में ईरान के मिसाइल कार्यक्रम को भी शामिल किया जाए, जबकि तेहरान केवल अपने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत के लिए तैयार है. इस गतिरोध ने दोनों देशों के बीच अविश्वास को और गहरा कर दिया है.

ये भी पढ़ें: बॉन्डी बीच, जहां अकरम ने बिछाईं 15 लाशें- वहीं पहुंचे इजराइल के राष्ट्रपति, यरूशलम से पत्थर क्यों लेकर गए?

इसी बीच अमेरिका ने जनवरी के अंत में अपना विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन अरब सागर में तैनात किया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एफ-15 लड़ाकू विमान, एमक्यू-9 रीपर ड्रोन और ए-10सी थंडरबोल्ट II जैसे हमलावर विमान भी क्षेत्र में पहुंच चुके हैं. उपग्रह तस्वीरों से यह भी संकेत मिले हैं कि अमेरिकी नौसेना के युद्धपोत और निगरानी ड्रोन लगातार सक्रिय हैं.