

Jaipur: जालौर जिले के रानीवाड़ा के धोरों में प्यास से 6 साल की बच्ची की मौत और उसकी नानी के बेसुध होने के मामले पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा है. पूनिया ने कहा कि प्यास से बच्ची की मौत हो जाना अशोक गहलोत सरकार के लिए शर्म की बात है.
उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार कोविड काल में आर्थिक पैकेज से लेकर खाद्यान्न, वैक्सीनेशन, दवाईयां सहित सभी जरूरी मदद कर रही है. इसके बावजूद राज्य सरकार से प्रदेश में ना तो वैक्सीनेशन हो पाया और ना ही जरूरतमंदों को खाद्यान्नों का वितरण.
ये भी पढ़ें-प्यास से तड़पकर मासूम ने तोड़ा दम, केंद्रीय मंत्री बोले-सोनिया, राहुल, प्रियंका अब चुप क्यों?
पूनिया ने कहा कि सरकार के मुखिया और उनके मंत्री केवल सियासी बयानबाजी में व्यस्त हैं. सरकार के बयानों से ऐसा लगता है कि राज्य की जनता के हितों की इन्हें कोई परवाह नहीं है. सतीश पूनिया ने कहा कि मोदी सरकार ने ‘जल जीवन मिशन’ के तहत राजस्थान को केन्द्रीय आवंटन में चार गुना बढ़ोतरी को मंजूरी देते हुए साल 2021-22 में 10 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का प्रावधान किया है. इसके बावजूद गहलोत सरकार के शासन में प्यास से मौत हो जाना प्रदेश पर बड़ा कलंक है.
सतीश पूनिया ने कहा कि इससे प्रदेश शर्मसार हुआ है. उन्होंने कहा कि सीएम गहलोत के सियासी भाषणों पर भूख, प्यास और मौत भारी है. राजस्थान का दुर्भाग्य है कि अब तक की नकारा, निकम्मी और भ्रष्ट कांग्रेस सरकार ने भूख, बेरोजगारी, अराजगता, माफियाओं एवं अपराधों की जमीन बना दिया है.
ये भी पढ़ें-Jalore: 5 साल की बच्ची ने Thirst से तड़पकर तोड़ा दम, तेज गर्मी में नानी के साथ पैदल जा रही थी दूसरे गांव
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि प्रदेश की जनता अशोक गहलोत को कभी माफ नहीं करेगी. पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) द्वारा सभी देशवासियों के लिए फ्री-वेक्सीनेशन करवाने के ऐतिहासिक फैसले से वैक्सीनेशन के नाम पर राजस्थान सरकार का प्रदेश के युवाओं को गुमराह करने का षडयंत्र विफल हो गया.
उन्होंने कहा कि फ्री वैक्सीन और खाद्यान्न का इंतजाम तो प्रधानमंत्री ने कर दिया अब राज्य को जरूरत है कि राजस्थान के नौजवानों के लिए नौकरी और रोजी-रोटी का इंतजाम करें.

