News in Brief

Jaipur: राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने बाड़मेर जिले के सोमेसरा, बूठसरा, नोसर, भोजासर, सेवनियाला, बाड़वा, सनपा मानजी, खरण्टिया एवं गोदारों का सरा ग्राम पंचायतों का दौरा किया. इस दौरान मंत्री ने ग्राम स्तरीय कोर कमेटी के सदस्यों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं आमजन के स्वास्थ्य के सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की.

इस दौरान चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में आईएलआई सर्वे एवं वैक्सीनेशन का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि आईएलआई सर्वे के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्राम स्तरीय कोर कमेटी की सक्रियता आवशयक है. उन्होंने इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी.

ये भी पढ़ें-पेयजल परियोजनाओं के निर्माण में PHED और WRD के स्तर पर संयुक्त विमर्श जरूरी-BD Kalla

उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान ही लोगों को स्वास्थ्य संबंधित अन्य जानकारी दी जाए. मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षत्रों में जानकारी के अभाव में लोगों द्वारा स्टेरॉइड दवाईयां ली जाती है, जिनका भविष्य में दुष्प्रभाव देखने को मिलता है. इसके दुष्प्रभाव का ब्लैक फंगस (Black Fungus) एक उदाहरण है.

उन्होंने कहा कि लोगों को ब्लैक फंगस के लक्षण, कारण एवं उपचार के बारे में जानकारी दी जाए. लोगों को यह बताया जाए की एक ही मास्क का उपयोग लम्बे समय तक न किया जाए तथा मास्क को नियमित रूप से धोकर ही उपयोग में लिया जाए.

ये भी पढ़ें-कोविड प्रोटोकॉल के साथ MNREGA के तहत रोजगार देकर दी जाए राहत: गहलोत

मंत्री ने कहा कि संभावित तीसरी लहर का सर्वाधिक प्रभाव बच्चों पर पड़ सकता है. इसके लिए पूर्व सुरक्षात्मक उपाय अपनाने होंगे. साथ ही, आमजन को इसके प्रति जागरूक किया जाना चाहिए. उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से ग्रामीण लोगों में इस संबंध में जागरूकता लाने के लिए ग्राम स्तरीय कोर कमेटी का पूर्ण सहयोग करने की अपील की.