Pentagon Latest Report on India China: विस्तारवादी चीन सैन्य और आर्थिक रूप से जितना ताकतवर हो रहा है, वह दुनिया के लिए उतना ही खतरनाक होता जा रहा है. जमीन के लिए उसकी भूख लगातार बढ़ती जा रही है. पहले वह ताइवान को ही जबरन कब्जाने का लक्ष्य ठाने हुए था. इसके बाद उसने पूरे दक्षिण चीन सागर पर अपना एकाधिकार ठोक दिया. अब उसने भारत के अरुणाचल प्रदेश और जापान के सेनकाकू आईलैंड को भी बलपूर्वक हासिल करने के लिए अपने कोर इंट्रेस्ट में शामिल कर लिया है. यह खुलासा अमेरिकी कांग्रेस को सौंपी गई पेंटागन की रिपोर्ट में हुआ है.
अरुणाचल प्रदेश पर चीन का बेतुका राग
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पेंटागन की इस रिपोर्ट में विस्तार से बताया गया है कि चीन ने अब अपने दावे को विस्तार देते हुए भारतीय राज्य अरुणाचल प्रदेश को अपने दीर्घकालिक राष्ट्रीय रणनीति में रख दिया है. इसके तहत वह अब अरुणाचल प्रदेश को सैन्य ताकत के बल पर पाकर रहेगा. उसकी दीर्घकालिक रणनीति में ताइवान, दक्षिण चीन सागर पहले से ही शामिल हैं. अब उसने अरुणाचल प्रदेश और जापान के सेनकाकू आईलैंड को भी इस लिस्ट में जोड़ा है.
चीन ने तय किया 2049 का बड़ा टारगेट
पेंटागन की रिपोर्ट में बताया गया है कि चीन ने 2049 तक ‘चीनी राष्ट्र के महान पुनरुत्थान’ का लक्ष्य घोषित किया है. इस पुनरुत्थान के लिए उपरोक्त चारों स्थानों पर कब्जा करना चीन के केंद्रीय लक्ष्य के रूप में रखा गया है. खासकर ताइवान के जबरलन विलय को चीनी अधिकारी राष्ट्रीय पुनरुत्थान के लिए प्राकृतिक आवश्यकता बता रहे हैं.
सेना के बल पर दुनिया में राज की ख्वाहिश
चीनी शासकों का मानना है कि एक शक्तिशाली चीन विश्व स्तरीय सेना का संचालन करेगा. यह सेना लड़ने और जंग जीतने में सक्षम होगी. इस सेना के बूते वह दुनिया में पूरे अधिकार के साथ कार्य करेगा. साथ ही विश्व में अपनी संप्रभुता, सुरक्षा और विकास हितों की दृढ़ता से रक्षा भी करेगा.
तनाव कम करने की आड़ में साजिश
भारत-चीन संबंधों का उल्लेख करते हुए रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों देशों ने अक्तूबर 2024 में एलएसी पर गतिरोध वाली कई जगहों से डिस-एंगेजमेंट की घोषणा की थी. इसके बाद दोनों देशों में सीधी उड़ानें, आम नागरिकों को वीजा जारी करने और सीमा प्रबंधन पर बात शुरू हुई है. लेकिन असल में यह चीन की एक चाल है. वह LAC पर तनाव कम होने का ढोंग करके अमेरिका-भारत संबंधों को गहराने से रोकना चाहता है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि चीन की चालबाजियों के बावजूद सतर्क बना हुआ है और दोनों देशों के बीच अविश्वास का माहौल अब भी मौजूद है. जो द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर बनाए रखेगा.
भारत के खिलाफ पाकिस्तान को सैन्य मदद
पेंटागन की रिपोर्ट में चीन-पाकिस्तान के बीच गहराते सैन्य और रणनीतिक सहयोग पर भी प्रकाश डाला गया है. बीजिंग पाकिस्तान के साथ मिलकर JF-17 लड़ाकू विमान का सह-निर्माण जारी रखे हुए है. वहीं चीन में बने J-10 मल्टीरोल कॉम्बैट विमान की पाकिस्तान लगातार खरीदारी कर रहा है. ऐसा करने वाला है दुनिया का एकमात्र खरीदार देश है.
चीन पाकिस्तान की नेवी को भी मजबूत करने में लगा हुआ है. उसने 3 अरब डॉलर में पाकिस्तान को युआन-क्लास की 8 पनडुब्बियां बेची हैं. रिपोर्ट में चेताया गया है कि हथियार देने के साथ ही चीन अब पाकिस्तान को संभावित सैन्य लॉजिस्टिक्स ठिकाने के रूप में भी देख रहा है. ऐसा करके वह फारस की खाड़ी और अरब सागर में अपने फुटप्रिंट मजबूत करना चाहता है.
