News in Brief

Jehanabad: जहानाबाद के मखदुमपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक की पिटाई के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया. इसके बाद ग्रामीण पुलिस से भिड़ गए. 
यही नहीं पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव भी किया. ग्रामीणों के इस हमले से मखदुमपुर थाना की पुलिस मौके से भाग खड़ी हुई. बाद में भारी फोर्स के साथ पुलिस अधिकारी गांव पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया.

मामला सागरपुर मोड़ के पास एनएच-83 का है. बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक अपने माता-पिता के साथ जहानाबाद से विशुनगंज लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर उस पर डंडे बरसाना शुरू कर दिए. पुलिसकर्मी के इस व्यवहार से पीड़ित और उसके परिजन काफी नाराज हुए.

उन्होंने गांव वालों को इस बारे में बताया जिसके बाद गांव वाले काफी नाराज हो गए. भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. इसके बाद पुलिसकर्मियों की गांव वालों से जमकर नोकझोंक हुई.

ग्रामीणों के गुस्से को देखकर पुलिस भी मौके से नौ दो ग्यारह हो  गई. इधर, एएसपी हरिशंकर कुमार ने बताया कि लॉकडाउन अनुपालन को लेकर पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान ट्रिपल लोड बाइक सवार को पकड़ा गया और उस पर जुर्माना लगाया गया लेकिन युवक ने जुर्माना नहीं देने की बात कही और हंगामा करने लगा.

इसी में कुछ ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए और पुलिस पर पथराव करने लगे. इस घटना में दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए. घायल दोनों कर्मी को बेहतर इलाज के लिए गया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. वहीं, पुलिस ने इस मामले में बाइक सवार एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.  फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश करने में जुटी है.

(इनपुट- राजेंद्र मालवीय)