

Ranchi: केंद्र सरकार ने देशभर में कोरोना की वैक्सीन सभी आयु वर्ग के लोगों को मुफ्त में देने का ऐलान किया तो झारखंड बीजेपी ने पीएम मोदी का प्रदेश की जनता की तरफ से आभार प्रकट किया है.
वहीं, झारखंड सरकार के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने केंद्र से कहा कि अब तक 18 से 44 वर्ष की उम्र के लोगों को वैक्सीन देने के लिए राज्य सरकार ने जो खर्च किया है, उसकी भी भरपाई केंद्र सरकार करे.बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि सभी लोगों को निःशुल्क कोरोना की वैक्सीन देने की व्यवस्था करने के लिए पीएम मोदी को झारखंड की जनता की तरफ से आभार.
साथ ही उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री ने गरीबों को नवंबर तक खाद्यान्न सामग्री देने का काम किया है. इसके लिए भी उनका आभार.’ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार को आगाह करना चाहता हूं कि इस टीके को आप बर्बाद न करें. खाद्यान सामग्री की कालाबाजारी न हो राज्य सरकार इसकी भी चिंता करे.
वहीं, मुफ्त वैक्सीन देने के पीएम के एलान पर झारखंड के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने कहा कि हमारी काफी समय से मांग थी कि पूरे देश में सभी नागरिक को वैक्सीनेशन केंद्र सरकार फ्री दे.
उरांव ने आगे कहा कि अंततः केंद्र सरकार मुफ्त वैक्सीन की हमारी मांग के आगे झुक गयी है. आज पीएम ने घोषणा की है कि भारत सरकार ही फ्री टीका की व्यवस्था करेगी और राज्यों को देगी. यह अच्छी बात है.
ये भी पढ़ें- Jharkhand: रूपा तिर्की मौत मामले में जांच से राज्यपाल असंतुष्ट, DGP को किया राजभवन तलब
साथ ही झारखंड के वित्त मंत्री ने कहा कि अब तक जो खर्च राज्य सरकारों ने किया है, उसकी भरपाई कौन करेगा? वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने केंद्र से मांग किया कि जो खर्च अब तक 18 प्लस वर्ग के लोगों के टीकाकरण में राज्य सरकार का हुआ है, उसकी भरपाई केंद्र सरकार करे.

