News in Brief

Ranchi: झारखंड थर्ड जेंडर के टीकाकरण (Vaccination) की शुरुआत करने वाला पहला राज्य बन गया है. रोसपा टावर परिसर से उपायुक्त रांची छवि रंजन की उपस्थिति में मोबाईल एप के माध्यम से थर्ड जेंडर कम्युनिटी (Third gender community) के लोगों का टीकाकरण किया गया. 

ये भी पढ़ेंः Jharkhand: ‘यास’ के बाद टीकाकरण अभियान में तेजी के प्रयास, 24 घंटों में कोविड के 56,674 नमूनों की हुई जांच

उपायुक्त ने की थर्ड जेंडर कम्युनिटी की काउंसलिंग
टीकाकरण से पहले उपायुक्त रांची छवि रंजन ने थर्ड जेंडर कम्युनिटी के लोगों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने उनकी काउंसलिंग करते हुए बताया कि टीका पूरी तरह से सुरक्षित है. थर्ड जेंडर कमेटी के लोगों ने उपायुक्त से टीकाकरण को लेकर मन में व्याप्त भ्रांतियों को खुले दिल से साझा किया. इस दौरान उपायुक्त ने बताया कि ‘राज्य के मुख्यमंत्री, बड़े पदाधिकारियों सहित उन्होंने भी कोविड-19 का टीका लिया है और उन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी किसी तरह की समस्या नहीं आई.’

ट्रांसजेंडर के टीकाकरण के लिए की जाएगी व्यवस्था 
ट्रांसजेंडर कम्युनिटी से बातचीत करते हुए उपायुक्त छवि रंजन ने जिला में ट्रांसजेंडर की कुल संख्या के बारे में जानकारी ली. उन्होंने कहा कि ‘जितने भी ट्रांस जेंडर हैं उनके टीकाकरण की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी. समुदाय के लोग मोबाइल वैक्सीनेशन के लिए 7546028221 पर संपर्क कर सकते हैं.’ संबंधित पदाधिकारी को उपायुक्त ने इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए.

ये भी पढ़ेंः झारखंड में वैक्सीनेशन पर सरकार का जोर, 45+ वालों के लिए केंद्र ने उपलब्ध कराई 46 लाख डोज

ट्रांसजेंडर के प्रति संवेदनशील होने की आवश्यकता 
छवि रंजन ने कहा कि ‘समाज के हर वर्ग का टीकाकरण आवश्यक है ताकि कोरोना से जंग हम जीत सके.’ उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर के लिए संवेदनशील होने की आवश्यकता है. टीकाकरण को समुदाय में व्याप्त भ्रांतियों को दूर किया जाएगा. साथ ही समुदाय की हर संभव मदद की जाएगी.’

(इनपुट-मनीष मिश्रा)