
T20 World Cup 2026 Australia: टी20 वर्ल्ड कप में भारत, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड के बाद अगर कोई जीत का प्रबल दावेदार है तो वह ऑस्ट्रेलिया है. कंगारू टीम 2021 में चैंपियन बनी थी. उसके बाद उसे खिताब का इंतजार है. इस बार मिचेल मार्श की कप्तानी में सबकी नजर एक बार फिर से इस टीम पर होगी. चोटों से जूझ रही ऑस्ट्रेलिया को एक बार फिर से धाकड़ ऑलराउडर ग्लेन मैक्सवेल से काफी उम्मीदें होंगी. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भविष्यवाणी की है कि वह टीम के ट्रम्प कार्ड साबित हो सकते हैं.
खराब फॉर्म में मैक्सवेल
पोंटिंग ने ग्लेन मैक्सवेल का समर्थन करते हुए कहा है कि वह आने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी फॉर्म वापस पा लेंगे. मैक्सवेल टूर्नामेंट से पहले मुश्किल दौर से गुजर रहे हों. वह पिछले कुछ महीनों से लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं. बिग बैश लीग 2025-26 में आठ पारियों में सिर्फ 76 रन बना पाए हैं. उन्होंने इस टूर्नामेंट में सिर्फ़ दो विकेट लिए और फील्डिंग में भी उनका समय खराब रहा. टी20 इंटरनेशनल में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा है. 2025 से नौ पारियों में 21.37 की औसत से 171 रन बनाए हैं.
मैक्सवेल को पोंटिंग का साथ
इन आंकड़ों के बावजूद पोंटिंग का मानना है कि वर्ल्ड कप का ग्लोबल मंच मैक्सवेल को अपनी लय वापस पाने में मदद कर सकता है. उन्होंने वेस्ट ऑस्ट्रेलियन से कहा, ”अगर लय बिगड़ जाती है, तो उसे ढूंढना और वापस लाना मुश्किल होता है. लेकिन अगर कोई चीज उसे वापस ला सकती है, तो वह वर्ल्ड कप है. पिछले वर्ल्ड कप में उनके कुछ बहुत अच्छे पल रहे हैं और उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया के लिए वह अगले कुछ हफ्तों में कुछ और अच्छे पल दे पाएंगे.”
ये भी पढ़ें: अश्विन ने अचानक विराट कोहली को क्यों किया फोन? सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का दिया मुंहतोड़ जवाब
प्लेइंग-11 में शामिल किए जाने की उम्मीद
पोंटिंग को यह भी उम्मीद है कि टूर्नामेंट के पहले मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन में मैक्सवेल को शामिल किया जाएगा. कंगारू टीम को को ग्रुप बी में जिम्बाब्वे, श्रीलंका और ओमान के साथ रखा गया है, यह मानते हुए कि मैक्सवेल की हालिया फॉर्म अकेले उनके सेलेक्शन को सही नहीं ठहराएगी, पोंटिंग ने अनुभव और खेलने की स्थितियों को निर्णायक कारक बताया. उन्होंने कहा, ”आप अभी उनकी फॉर्म के आधार पर उन्हें नहीं चुन सकते क्योंकि उस टीम में बाकी सभी ने BBL में अच्छा प्रदर्शन किया है. लेकिन वे उन्हें उनके अनुभव और शायद स्थितियों की वजह से चुनेंगे.”
ये भी पढ़ें: T20I Cricket Records: आयरलैंड के धाकड़ बल्लेबाज ने तोड़ा रोहित शर्मा का महारिकॉर्ड, दुनिया में बन गया नंबर-1
गेंदबाजी से कमाल कर सकते हैं मैक्सवेल
पोंटिंग ने आगे कहा कि स्पिन बॉलिंग को संभालने और गेंद से योगदान देने की मैक्सवेल की क्षमता टीम को महत्वपूर्ण संतुलन देती है. उन्होंने कहा, ”उन्हें शायद बहुत सारी स्पिन बॉलिंग का सामना करना पड़ेगा और वह खुद भी कुछ ओवर फेंकने का विकल्प देंगे. उनके पास कुछ आसान मैच हैं और शायद यही उन्हें अपनी लय में आने के लिए चाहिए. शुरुआत में थोड़ी कमजोर टीमों के खिलाफ कुछ रन और विकेट, यह उनके लिए टूर्नामेंट के दूसरे हाफ में फायदेमंद साबित हो सकता है.” टी20 वर्ल्ड कप से पहले मैक्सवेल को पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की तीन मैचों की टी20 सीरीज से आराम दिया गया है. इस सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया 11 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में आयरलैंड के खिलाफ अपने टी20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करेगा.
