News in Brief

T20 World Cup 2026: न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सुपर-8 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया. शनिवार को इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी, लेकिन बारिश के चलते एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी.

बारिश ने पाकिस्तान-न्यूजीलैंड के अरमानों पर फेरा पानी

इस मैच के रद्द होने के बाद दोनों टीमों के बीच 1-1 अंक बांटे गए हैं. अब पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड के खिलाफ 24 फरवरी को मुकाबले में उतरेगी, जिसके बाद पाकिस्तान का सामना 28 फरवरी को श्रीलंका से होगा. वहीं, न्यूजीलैंड की टीम 25 फरवरी को श्रीलंका से भिड़ेगी, जिसके बाद 27 फरवरी को कीवी टीम का सामना इंग्लैंड से होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

ग्रुप-ए में दूसरे नंबर पर था पाकिस्तान

ग्रुप-ए में पाकिस्तान की टीम 4 में से 3 मैच जीतकर दूसरे पायदान पर रही थी. पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में नीदरलैंड को 3 विकेट से हराया था, जिसके बाद यूएसए के खिलाफ 32 रन से जीत हासिल की. पाकिस्तान को भारत के हाथों हाई-वोल्टेज मैच में 61 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी, जिसके बाद उसने नामीबिया को 102 रन से रौंदा.

न्यूजीलैंड ने 4 में से 3 मैच जीते थे

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम 4 में से 3 मैच जीतकर ग्रुप-डी की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर रही. इस टीम ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी, जिसके बाद यूएई को 10 विकेट से रौंदा. इसके बाद साउथ अफ्रीका ने कीवी टीम को 7 विकेट से मात दी. हालांकि, कनाडा को 8 विकेट से हराकर न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी की.

रविवार को सुपर-8 के दो मुकाबले

रविवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के दो मुकाबले खेले जाएंगे. पहला मैच पल्लेकेले में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा. इसके बाद अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत-साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबले का आयोजन होगा.