US President Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपित डोनाल्ड ट्रंप ने दावोस से अपने शांति बोर्ड की आधिकारिक घोषणा की है. माना जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के समाधान की दिशा में ट्रंप का ये कदम काफी अहम है. ट्रंप ने गाजा बोर्ड ऑफ पीस की का एलान करने के मौके पर यह भी दावा किया कि हर देश इसका हिस्सा बनना चाहता है. उन्होंने उन आशंकाओं पर भी अपनी चुप्पी तोड़ी, जिसमें कहा जा रहा था कि यह नया निकाय संयुक्त राष्ट्र की जगह ले सकता है. अपने संबोधन के दौरान, ट्रंप ने स्पष्ट किया कि वह संयुक्त राष्ट्र समेत अन्य सभी संगठनों के साथ मिलकर काम करेंगे. 

दरअसल, गाजा में पुनर्निर्माण के कामों के लिए बने बोर्ड ऑफ गाजा के सदस्यों में उन्होंने अपने दामाद जेरेड कुशनर, मिडिल ईस्ट में अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉक को रखा है. वहीं, उन्होंने स्वयं इस बोर्ड का चेयरमैन बनने का फैसला लिया है. हाल के दिनों में ट्रंप ने कहा था कि संयुक्त राष्ट्र किसी काम की संस्था नहीं है और वह दुनिया में चल रहे संघर्षों को रोकने में नाकाम रही है. 

दावोस में ट्रंप की घोषणा 

Add Zee News as a Preferred Source

हालांकि, एक बार फिर से ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष का जिक्र किया. ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि उन्होंने पिछले कुछ समय में 8 युद्धों को रुकवाया है. वहीं, उन्होंने रूस और यूक्रेन के युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि हम सबने इस युद्ध को आसान समझा था, लेकिन यह संभवतः सबसे मुश्किल साबित हुआ है. अपने संबोधन के दौरान ट्रंप ने यह भी कहा कि मिडिल ईस्ट में शांति स्थापित करने के उद्देश्य से शुरू की गई पहलों में 59 देश हिस्सा ले रहे हैं, जो इस बात का संकेत है कि इन देशों ने प्रस्तावित शांति बोर्ड के लिए अपना समर्थन दिया है. गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने स्विट्जरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में बोर्ड ऑफ पीस का आधिकारिक एलान किया है.

बोर्ड ऑफ पीस में शामिल होने वाले नेता 

उल्लेखनीय है कि इस बोर्ड ऑफ पीस में एक दर्जन से अधिक देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और शीर्ष राजनयिक शामिल हैं. वे सभी इस समय स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच पर शांति बोर्ड का प्रचार करने के लिए मौजूद हैं. इस बोर्ड में शामिल राष्ट्रध्यक्षों में शामिल लोगों की बात करें, तो इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव, पैराग्वे के रूढ़िवादी राष्ट्रपति सैंटियागो पेना,  आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिन्यान, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव इत्यादि शामिल हैं.