Russia- Ukraine want deal; claims Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्व आर्थिक मंच (WEF) की 56वीं सालाना बैठक में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध अब खत्म होने के बहुत करीब है. दोनों देश डील करना चाहते हैं और बातचीत काफी हद तक नजदीक पहुंच गई है. ट्रंप ने मंच पर खुलकर कहा कि अगर ये डील नहीं हुई तो दोनों लीडर “स्टूपिड” हैं. मैं ऐसा नहीं कहना चाहता लेकिन सच यही है.” समझें पूरी कहानी
“नफरत बहुत है, लेकिन डील मुमकिन है”यूक्रेन-रूस युद्ध अब अपने चौथे साल में है और लाखों लोग प्रभावित हैं. इसी बीच ट्रंप ने दावोस में बड़ा बयान देकर एक बार फिर दोनों देशों के बीच जंग को खत्म करने की बात को आगे बढ़ा दिया है. दावोस में ट्रंप ने हुंकार भरते हुए कहा “मैंने 8 से ज्यादा युद्ध सुलझाए हैं, ये वाला तो मेरे लिए आसान होना था. लेकिन ज़ेलेंस्की और पुतिन के बीच इतनी गहरी नफरत है कि मामला उलझा हुआ है. फिर भी, रूस डील चाहता है, यूक्रेन भी डील चाहता है. हम कोशिश कर रहे हैं और काफी करीब पहुंच गए हैं.”
“युद्ध की जिम्मेदारी यूरोप की, अमेरिका की नहीं”
दावोस में बोलते हुए ट्रंप ने नाटो और यूरोप पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यूक्रेन युद्ध असल में यूरोप की समस्या है, अमेरिका की नहीं. ट्रंप बोले, “अमेरिका बहुत दूर है. हमारे और यूरोप के बीच एक बड़ा समंदर है. हमें इस युद्ध से क्या मिला? मौत, तबाही और अरबों डॉलर खर्च, वो भी ऐसे लोगों पर जो हमारी कद्र नहीं करते.”
नाटो को बताया ‘अनफेयर’
ट्रंप ने दोहराया कि नाटो अमेरिका के साथ “अन्यायपूर्ण” व्यवहार करता है. उन्होंने फिर से दावा किया कि अगर वे उस वक्त राष्ट्रपति होते तो रूस-यूक्रेन युद्ध कभी शुरू ही नहीं होता. इसके साथ ही उन्होंने 2020 के अमेरिकी चुनावों को लेकर अपने पुराने आरोप भी दोहराए.
ज़ेलेंस्की से सीधी बातचीत का दावा
ट्रंप ने कहा कि वे खुद यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से सीधे संपर्क में हैं और उन्हें लगता है कि ज़ेलेंस्की डील के लिए तैयार हैं.उन्होंने यह भी बताया कि वे जल्द ही ज़ेलेंस्की से मुलाकात कर सकते हैं. उसी दिन ज़ेलेंस्की कीव में मौजूद थे, जब ट्रंप दावोस में यह बयान दे रहे थे.
मॉस्को जा रहे अमेरिकी दूत
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस दिन ट्रंप ने यह बयान दिया, उसी दिन उनके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुश्नर मॉस्को के लिए रवाना हुए. वहां उनकी रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की योजना है. इसके साथ ही ट्रंप ने तीखे लहजे में कहा, “अगर अब भी ये लोग साथ नहीं आए और डील नहीं की, तो वो बेवकूफी होगी.”
