News in Brief

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और विधायक आतिशी ने मंगलवार को वैक्सीनेशन बुलेटिन जारी किया. उन्होंने कहा कि दिल्ली में युवाओं के लिए वैक्सीन की डोज उपलब्ध नहीं हैं. केंद्र सरकार से 10 जून तक वैक्सीन की डोज मिलेंगी, तब तक युवाओं का वैक्सीनेशन बंद रहेगा. दिल्ली में 31 मई को वैक्सीन की 56,559 डोज लगाई गईं, जिसमें से 36,512 लोगों को पहली और 20,047 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई. 

आतिशी ने कहा कि दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है. अब युवाओं को काम के चलते घर से बाहर निकलना पड़ेगा. ऐसे में उम्मीद है कि केंद्र सरकार युवाओं की आवाज को सुनकर जल्द वैक्सीन उपलब्ध कराएगी. दिल्ली में अब तक 54,09,352 लोगों को वैक्सीन की डोज लगायी जा चुकी है, जिसमें से 41,85,000 लोगों को पहली और 12,24,330 लोगों को दूसरी डोज लग गई है. दिल्ली में पिछले 8-9 दिनों से किसी भी सरकारी वैक्सीनेशन केंद्र पर युवाओं को वैक्सीनेशन नहीं हो रहा है. जिन युवाओं ने मई की शुरुआत में वैक्सीन की पहली डोज लगवाई थी, उनको दूसरी डोज लगने का समय हो गया है. लेकिन अभी भी दिल्ली के युवाओं के लिए वैक्सीन नहीं आई है.  

दिल्ली में युवाओं का वैक्सीनेशन सिर्फ निजी अस्पातलों में हो रहा है. निजी अस्पातलों में काफी महंगे दामों पर वैक्सीनेशन हो रहा है. दिल्ली में 45 वर्ष से अधिक उम्र की श्रेणी में वैक्सीनेशन भी जारी है. हमारी अपील है कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के ज्यादा से ज्यादा लोग जल्द से जल्द वैक्सीन लगवाएंगे. वैक्सीनेशन केंद्रों की सूची ऐप पर मिल जाएगी. 45 वर्ष से अधिक उम्र की श्रेणी के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं है. पूरी दिल्ली में वॉकिंग वैक्सीनेशन केंद्र बने हुए हैं, ऐसे में 45 वर्ष से अधिक उम्र की श्रेणी में शामिल ऐसे लोग जिन्होंने अपने आप को वैक्सीनेट नहीं करवाया है, वो आगे आकर जरूर वैक्सीनेशन करवाएं.  

आतिशी ने कहा कि दिल्ली में 45 वर्ष से अधिक उम्र की श्रेणी के लिए 4,43,750 डोज उलब्ध हैं. इसमें कोवैक्सीन की 43,510 डोज आज सुबह तक सुबह उपलब्ध थी. कोवैक्सीन का इस्तेमाल सिर्फ दूसरी डोज लगाने के लिए किया जा रहा है, क्योंकि बहुत सारे ऐसे लोग हैं जिनको कोवैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगी थी. कोविशील्ड की 3,96,000 डोज उपलब्ध हैं, जिनसे 19 दिन तक दिल्ली में वैक्सीनेशन किया जा सकता है. 

युवाओं के लिए वैक्सीन की डोज उपलब्ध नहीं है. दिल्ली में युवाओं के लिए अगली खेप 10 जून तक आनी है. दिल्ली में तब तक युवाओं के लिए वैक्सीनेशन बंद है. केंद्र सरकार से फिर अपील है कि जल्द से जल्द दिल्ली के युवाओं के लिए वैक्सीन उपलब्ध कराएं. 

WATCH LIVE TV