62 साल पहले आज ही के दिन 12 जनवरी को भारत के महान लेफ्ट आर्म स्पिनर बापू नादकर्णी ने अपने एक करिश्मे से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था. बापू नादकर्णी ने एक ही टेस्ट मैच में लगातार 21 ओवर मेडन फेंकने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था. बापू नादकर्णी के कमाल की वजह से यह टेस्ट मैच इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया. भारत और इंग्लैंड के बीच यह ऐतिहासिक टेस्ट मैच साल 1964 में 10 से 15 जनवरी तक चेन्नई में खेला गया था.
दुनिया का सबसे कंजूस गेंदबाज
बापू नादकर्णी ने 1955 में दिल्ली में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था. बापू नादकर्णी ने 1968 में मंसूर अली खान पटौदी की कप्तानी में ऑकलैंड में न्यूजीलैंड टीम के खिलाफ ही अपना आखिरी टेस्ट खेला था. बापू नादकर्णी ने 12 जनवरी 1964 को चेन्नई टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में लगातार 21 ओवर मेडन फेंके थे. वहीं, अगर पहली पारी में बापू नादकर्णी के बॉलिंग फिगर पर नजर डालें तो उन्होंने 32 ओवर में 27 मेडन फेंके और सिर्फ 5 रन ही दिए.
62 साल से नहीं टूटा ये रिकॉर्ड
बापू नादकर्णी का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड 62 साल से दुनिया का कोई भी गेंदबाज नहीं तोड़ पाया है. 17 जनवरी 2020 को मुंबई में 86 साल की उम्र में बापू नादकर्णी का निधन हो गया था. बापू नादकर्णी बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्लो-लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स गेंदबाज थे.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 500 विकेट और 8880 रन
बापू नादकर्णी के नाम 191 फर्स्ट क्लास मैचों में 500 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है. बापू नादकर्णी ने इसके अलावा 8880 रन भी बनाए थे. बापू नादकर्णी ने भारत के लिए 41 टेस्ट खेले जिसमें उन्होंने 1414 रन बनाए और 88 विकेट हासिल किए. टेस्ट क्रिकेट में बापू नादकर्णी का बेस्ट बॉलिंग फिगर 43 रन देकर 6 विकेट हासिल करना था.
