News in Brief

Jhunjhunu: झुंझुनूं के चिड़ावा में दोस्तों की टीम ने महज 10 दिन में 20 के करीब आक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था करने के अलावा आक्सीजन सिलेंडर तथा अन्य सामग्री व दवा भी इकट्ठा कर बांटना शुरू कर दिया है. चिड़ावा के दोस्तों की इस टीम ने कोविड रिलीफ सोसायाटी का गठन किया है, जिसके तहत वे ना केवल कोरोना रोगियों को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें उपलब्ध करवा रहे हैं बल्कि ऑक्सीजन सिलेंडर, दवा, सेनिटाइजर, मास्क, फेश शिल्ड आदि भी दिए जा रहे हैं. 

सोसायटी के राधेश्याम शर्मा सुखाड़िया ने बताया कि उनके दोस्त रजनीकांत ककरानिया पिंटू के 10 दिन पहले मन में आया कि जिस तरह के हालात हर जगह बन रहे है, उनके लिए ऑक्सीजन उपलब्ध करवाई जाए. इसके लिए सभी दोस्तों ने एक मशीन आपसी सहयोग से खरीदने का मन बनाया और उसे सीएचसी चिड़ावा में दी. साथ ही चिकित्सकों ने उस वक्त कहा कि यदि आप और भी मशीन व संसाधन दिलवा दो तो चिड़ावा में कोविड केयर सेंटर शुरू हो जाए.

ये भी पढ़ें-Covid 19 Rajasthan Update : 16039 लोगों ने दी Corona को मात, 9849 नए केस

इसके बाद इन दोस्तों ने सोशल मीडिया पर जब अपील की तो 10 मशीनें तो चिड़ावा के विभिन्न भामाशाहों ने सोसायटी को दी. इसके अलावा सूरजगढ़ की जन सतर्कता समिति ने भी विश्वास दिलाया कि 10 मशीनें आपको जब जरूरत हो मंगवा लीजिए. इस तरह 10 दिन में सोसायटी ने 20 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें उपलब्ध करवा ली है.

इसके अलावा अब इसके कार्यकर्ता कंटेनमेंट जोन के अलावा भीड़भाड़ वाले इलाके जैसे बैंक आदि में जाकर सेनिटाइजिंग का काम भी करते हैं. समिति के रजनीकांत ककरानिया और मेहर कटारिया ने बताया कि उनका उद्देश्य यही है कि इस कोरोना काल की घड़ी में मानवता को जिंदा रखने के लिए हर व्यक्ति की जो मदद हो सके वो करें.

उन्होंने बताया कि उन्होंने सोचा नहीं था कि उनकी एक मशीन की सोच, 20 मशीनों तक और एक कोविड हेल्प सेंटर तक बदल जाएगी. वहीं, सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर भी सोसायटी के बनाए गए अस्थायी कार्यालय विद्या निकेतन स्कूल पहुंचे. यहां पर उन्होंने दोस्तों की इस मुहिम की मुक्त कंठ से प्रशसां की.

उन्होंने कहा कि इस तरह की मिसाल हर गांव और कस्बे में युवा पेश करें तो हम कोरोना पर विजय प्राप्त कर सकते हैं और कई सारी जिंदगियां भी बचा सकते है. इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉ. नितेश जांगिड़ ने सीएमएचओ डॉ. गुर्जर को यह भी बताया कि इन दोस्तों ने जब पहली बार आकर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीन लाकर दी, उसके बाद ही 2-3 दिन में मिले सहयोग से चिड़ावा में कोविड केयर सेंटर शुरू हो सका.

ये भी पढ़ें-घटिया क्वालिटी के ऑक्सीजन कंसंट्रेटर से Black Fungus, रोगी को लाभ की जगह गंभीर बीमारी

कोविड हेल्प सेंटर खोला, हर वक्त मदद
कोविड रिलीफ सोसायटी ने इसके लिए चिड़ावा विद्या निकेतन स्कूल में कोविड हेल्प सेंटर खोला है, जिसमें जिस भी व्यक्ति को कोई भी मदद चाहिए वो उपलब्ध करवाई जाती है. यहां पर गद्दों से लेकर, मास्क, आक्सीजन कंसंट्रेटर मशीन से लेकर आक्सीजन सिलेंडर तक और सेनिटाइजर से लेकर हाइपो क्लारोइड तक सब कुछ उपलब्ध है. वो भी बिना कोई पैसे दिए.

(इनपुट-संदीप केड़िया)