
Indian Cricket Team: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के आगाज में दो दिन से भी कम समय बचा हुआ है. इससे पहले भारतीय टीम के लिए एक बुरी खबर आ चुकी है. टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर जो कॉम्पिटिटिव क्रिकेट के लिए फिट नजर आ रहे थे अब उनकी वापसी में देरी हो सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रेयस अय्यर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से हरी झंडी नहीं मिली है. प्लान के मुताबिक अय्यर को 30 दिसंबर को फैसिलिटी से निकलना था, लेकिन अब ‘रिटर्न टू प्ले’ (RTP) पाने के लिए कम से कम एक हफ्ते तक और रुकना पड़ेगा.
पूरी तरह फिट नजर आ रहे थे अय्यर
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रेयस अय्यर बिना किसी परेशानी के बैटिंग कर रहे थे, जिसके चलते उनकी न्यूजीलैंड सीरीज में वापसी लगभग तय थी. लेकिन पेट की चोट की वजह से तेजी से वजन कम होने से उनकी ताकत ऑप्टिमम लेवल से नीचे चली गई है और आने वाले हफ़्ते में इस पर बहुत ध्यान दिया जाएगा. साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में भी अय्यर टीम से बाहर थे और उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी भी मिस कर दी थी.
BCCI अधिकारी ने दिया अपडेट
एक BCCI के अधिकारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, ‘उनकी बैटिंग में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में चोट लगने के बाद उनका करीब छह किलो वज़न कम हो गया था. हालांकि उन्होंने कुछ वजन बढ़ा लिया है, लेकिन मसल मास में कमी आई है. जिससे उनकी ऑप्टिमम ताकत के लेवल पर और असर पड़ा है. मेडिकल टीम कोई चांस नहीं लेना चाहती क्योंकि वह वनडे सेटअप में बहुत जरूरी खिलाड़ी हैं और अभी उनकी पूरी रिकवरी सबसे ज़्यादा जरूरी है. न्यूजीलैंड वनडे के लिए टीम चुनने से पहले सिलेक्टर्स और मैनेजमेंट को उनकी मौजूदा स्थिति के बारे में बताया जाएगा.’
ये भी पढे़ं.. ‘सूर्यकुमार मुझे मैसेज करते थे..’ बॉलीवुड एक्ट्रेस का बवाली बयान, खबर से मची खलबली
विजय हजारे ट्रॉफी खेलेंगे अय्यर?
इंजरी अपडेट से पहले खबर आई थी कि अय्यर 11 जनवरी को वडोदरा में तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने से पहले 3 और 6 जनवरी को विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले में नजर आएंगे. लेकिन अब इसमें बदलाव होगा क्योंकि अब 9 जनवरी तक ही अय्यर को जरूरी क्लीयरेंस मिलने की उम्मीद है. रिपोर्ट में बताया गया कि अब अय्यर विजय हजारे ट्रॉफी के नॉकआउट स्टेज में ही उपलब्ध हो पाएंगे. ये मुकाबले 12 जनवरी से शुरू होंगे.
