Prince William Saudi Arabia Visit: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ब्रिटिश सरकार के अनुरोध पर सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर हैं. हालांकि यह उनका पहला सऊदी दौरा है लेकिन इसे लेकर कूटनीतिक और नैतिक सवाल खड़े हो गए हैं. रॉयल पैलेस के सूत्रों के अनुसार, प्रिंस विलियम सरकार के आग्रह को गंभीरता से लेते हैं और इसी कारण उन्होंने इस संवेदनशील यात्रा को स्वीकार किया है.
इस यात्रा का मुख्य एजेंडा ऊर्जा सहयोग और युवाओं से जुड़े मुद्दे हैं. ये दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब सऊदी अरब सामाजिक-आर्थिक बदलाव के दौर से गुजर रहा है और ‘विजन 2030’ के तहत तेल पर निर्भरता कम करने की कोशिश कर रहा है. देश अंतरराष्ट्रीय खेल और मनोरंजन आयोजनों के जरिए अपनी वैश्विक छवि बदलने में जुटा है. हालांकि एमनेस्टी इंटरनेशनल सहित कई मानवाधिकार संगठनों का आरोप है कि सऊदी नेतृत्व खेल और सांस्कृतिक आयोजनों का इस्तेमाल मानवाधिकार रिकॉर्ड से ध्यान हटाने के लिए कर रहा है.
यात्रा का सबसे अहम हिस्सा सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) से प्रिंस विलियम की मुलाकात होगी. एमबीएस को देश का वास्तविक शासक माना जाता है. यात्रा से पहले प्रिंस विलियम को सऊदी अरब में मानवाधिकार स्थिति, महिलाओं की भूमिका, राजनीतिक असहमति पर कार्रवाई और समलैंगिकता को अपराध माने जाने जैसे मुद्दों पर जानकारी दी जाएगी. हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वे एमबीएस के साथ निजी बातचीत में इन विषयों को उठाएंगे या नहीं.
एमबीएस ने पत्रकार जमाल खाशोगी की हत्या को दी थी मंजूरी
प्रिंस ऑफ वेल्स का यह दौरा ब्रिटिश शाही परिवार के लिए भी चुनौतीपूर्ण समय में हो रहा है. हाल ही में जेफरी एपस्टीन से जुड़ी फाइलों के सार्वजनिक होने से रॉयल फैमिली को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है. इसके बावजूद ब्रिटिश सरकार सऊदी अरब के साथ संबंध मजबूत करना चाहती है और इसी उद्देश्य से प्रिंस विलियम की भूमिका को अहम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: झापा सीट बनी रणभूमि, ओली बनाम बालेन; किसे मिलेगा जनता का जनादेश?
सऊदी नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय मान्यता को महत्व देता है और किसी वरिष्ठ शाही सदस्य की यात्रा एक सकारात्मक संकेत मानी जाती है. हालांकि एमबीएस पर 2018 में पत्रकार जमाल खाशोगी की हत्या को मंजूरी देने के अमेरिकी खुफिया आरोपों और मानवाधिकार उल्लंघनों के चलते इस मुलाकात की आलोचना भी हो रही है.
ये भी पढ़ें: इस्तीफे पे इस्तीफा! क्या ब्रिटेन में गिरने वाली है लेबर पार्टी की सरकार; PM स्टारमर ने खुद दिया जवाब
आलोचकों का मानना है कि प्रिंस विलियम का एमबीएस से हाथ मिलाना एक विवादास्पद संदेश दे सकता है, जबकि समर्थकों का तर्क है कि संवाद और संबंधों के जरिए ही संवेदनशील मुद्दों पर आगे बढ़ा जा सकता है. यह यात्रा दोनों देशों और शाही परिवारों के रिश्तों में एक अहम कड़ी मानी जा रही है.
