T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड में हड़कंप मचा हुआ है. वेन्यू बदलने की मांग को लेकर 21 जनवरी को आईसीसी की तरफ से उसे बड़ा झटका मिला. आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है कि इस मुद्दे पर 21 जनवरी तक फैसला लेकर फाइनल डिसीजन बताएं कि उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना है या नहीं. जैसे ही आईसीसी की तरफ से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को यह अल्टीमेटम मिला तो बोर्ड ने आनन-फानन में एक आपात बैठक बुलाई है.
दरअसल, आज यानी 22 जनवरी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को ये फैसला करके आईसीसी को बताना है कि वो टी20 वर्ल्ड कप में खेलने के लिए अपनी टीम भारत भेजेंगे या नहीं, क्योंकि अगर बांग्लादेश अपने रुख पर कायम रहता है तो फिर आईसीसी अपना फैसला लेगा. 22 जनवरी को बुलाई गई आपात बैठक को लेकर जो इनपुट अब तक मीडिया रिपोर्ट्स में आए हैं, वो ये हैं कि इस मीटिंग में उन सभी खिलाड़ियों को बुलाया गया है, जिन्हें टी20 विश्व कप 2026 के लिए चुना गया है.
मीटिंग में क्या हो सकता है?
आपात बैठक दोपहर 3 बजे होने वाली है. सभी को ढाका के होटल कॉन्टिनेंटल बुलाया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बांग्लादेश सरकार के स्पोर्ट्स सलाहकार आसिफ नजरुल टीम के सभी खिलाड़ियों से बात कर सकते हैं.सरकार इस मामले में अपने खिलाड़ियों की राय जानना चाहती है या फिर अपनी राय उन्हें बताना चाहती है. अब सबकी नजर इसी पर टिकी है कि इस मीटिंग में क्या होता है, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड क्या फैसला लेता है. देखना दिलचस्प रहेगा कि इस मीटिंग का क्या निचोड़ निकलता है.
एक और अपडेट ये है कि इस मीटिंग से ठीक पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष और डायरेक्टर्स की भी एक मुलाकात बांग्लादेश सरकार की तरफ से चुने गए स्पोर्ट्स सलाहकार आसिफ नजरुल के साथ हुई है, जो 21 जनवरी की रात संपन्न हुई. दावा किया गया है कि ये मीटिंग स्पोर्ट्स सलाहकार के घर पर हुई थी. बैक-टू-बैक बैठकों से ये साबित हो रहा है कि आईसीसी के अल्टीमेटम के बाद बांग्लादेश क्रिकेट में हड़कंप मचा हुआ है.
क्यों खड़ा हुआ बखेड़ा?
दरअसल, बांग्लादेश चाहता है कि वो भारत के बाहर श्रीलंका में अपने मैच खेले, क्योंकि उसे लगता है कि भारत में उसके खिलाड़ियों की सुरक्षा को खतरा है. ये विवाद तब से उपजा है जब केकेआर ने 9.20 करोड़ में खरीदे गए मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किया था. बांग्लादेश में हिंदुओं को लेकर हुई हिंसा के बाद मुस्तफिजुर को आईपीएल 2026 से हटाने की मांग तेज थी. बीसीसीआई के आदेश के बाद केकेआर ने उन्हें रिलीज किया था. ये बात बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को चुभ गई. फिर उसने भारत में टी20 विश्व कप खेलने से मना कर दिया था और आईसीसी से अपने वेन्यू बदलने की मांग की थी.
बांग्लादेश की जगह किसे मिलेगा मौका?
बांग्लादेश की वेन्यू बदलने की मांग पर आईसीसी ने वोटिंग कराई थी, लेकिन उसके खाते में सिर्फ 2 वोट आए. एक खुद का और दूसरा पाकिस्तान का. वो वोटिंग में 2-14 से हार गया, क्योंकि बाकी सभी टीमों के बोर्ड्स ने भारत के समर्थन में वोट डाला. इसके बाद आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया और साफ कह दिया कि वो अपनी सरकार को समझाएं, नहीं तो उनकी जगह दूसरी टीम को मौका मिल जाएगा. मान लीजिए अगर बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप 2026 से आउट हुआ तो फिर स्कॉटलैंड टी20 वर्ल्ड कप खेल सकता है. बांग्लादेश को ग्रुप C में जगह मिली है. उसे टी20 विश्व कप 2026 में पहला मैच 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ: नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया… Abhishek Sharma ने वो कर डाला, जो कभी नहीं हुआ था, पूरी दुनिया में बजा डंका
