
ददन विश्वकर्मा/भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश के नाम संबोधन में कहा कि बीते 100 सालों में आई यह सबसे बड़ी महामारी है. ऐसे महामारी से हमारा देश कई मोर्चों पर एक साथ लड़ा है. पीएम ने यह भी कहा कि 21 जून (विश्व योग दिवस) के बाद से 18 वर्ष से उम्र के सभी नागरिकों के लिए भारत सरकार, राज्यों को वैक्सीन मुहैया कराएगी. केंद्र सरकार के इस फैसले पर मध्य प्रदेश सीएम शिवराज सिंह चौहान में खुशी जाहिर करते हुए आभार जताया है. वहीं इस पर राजनीति भी होने लगी. पूर्व सीएम कमलनाथ पीएम के फैसले पर तंज कसा है.
क्या है पीएम मोदी ने अपने भाषण में?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कोरोना के खिलाफ हम भारतवासियों की लड़ाई जारी है. दुनिया के अन्य देशों की तरह भारत भी इस ‘लड़ाई’ के दौरान बड़ी पीड़ा से गुजरा है, हममें से कई ने इस जंग में अपने परिजनों-परिचितों को खोया है, ऐसे परिवारों के साथ हमारी पूरी संवेदना है. पीएम ने आगे कहा कि बीते 100 सालों में आई यह सबसे बड़ी महामारी है. ऐसी महामारी विश्व ने इससे पहले न देखी थी और न अनुभव की थी. ऐसे महामारी से हमारा देश कई मोर्चों पर एक साथ लड़ा है.
पीएम ने यह भी कहा कि 21 जून (विश्व योग दिवस) के बाद से 18 वर्ष से उम्र के सभी नागरिकों के लिए भारत सरकार, राज्यों को वैक्सीन उपलब्ध कराएगी. वैक्सीन का 75 हिस्सा केंद्र सरकार खरीदकर राज्य सरकारों को मुफ्त मुहैया कराएगी. देश के नाम संबोधन में पीएम ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को दीपावली तक आगे बढ़ाया जाएगा. हर गरीब को तय मात्रा में नवंबर तक मुफ्त अनाज मिलेगा.
PM मोदी के भाषण से गदगद हुए शिवराज, खुशी-खुशी कही ऐसी बात
शिवराज ने ऐसे जताया आभार
पीएम मोदी के संबोधन पर सीएम शिवराज ने सबसे ज्यादा खुशी जाहिर की. उन्होंने पीएम मोदी का इस घोषणा के लिए आभार भी जताया. उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार प्रकट करता हूं, देश में सम्पूर्ण वैक्सीनेशन का कार्य अब केंद्र सरकार करेगी. प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में वैक्सीनेशन का यह अभियान अब सफलतापूर्वक और सुचारू रूप से चल सकेगा.
पीएम से किया था आग्रह
सीएम शिवराज ने कहा कि राज्यों में प्रतिस्पर्धा थी, कोई वैक्सीन निर्माता पर दबाव बनाता था, कोई ग्लोबल टेंडर कर रहा था लेकिन हाथ कुछ नहीं लग रहा था. बिखरते हुए अभियान को देखते हुए मैंने व अन्य मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि उनके नेतृत्व में ही यह अभियान सम्पन्न हो. अब 18 से 44 वर्ष और 45 वर्ष से अधिक के आयुवर्ग के सभी देशवासियों को निःशुल्क वैक्सीन भारत सरकार लगाएगी. मैं अपनी ओर से और अपने राज्य की जनता की ओर से उनको कोटि-कोटि धन्यवाद देता हूं.
कमलनाथ का तंज
वहीं पीएम मोदी के इस घोषणा पर कांग्रेस ने तंज कसने में कोई देरी नहीं की. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पीएम पर पलटवार किया है. कमलनाथ ने कहा कि आदरणीय मोदी जी अगर आपने समय रहते 100 साल में आई सबसे बड़ी विपत्ति को पहचान लिया होता, तो देश में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान नहीं जाती. समय रहते वैक्सीनेशन हो सकता था, लेकिन तब आप रैलियों में व्यस्त रहे. सुप्रीम कोर्ट से फटकार मिली तो फ्री वैक्सीन की बात कही. कमलनाथ यह भी कहा कि वैक्सीनेशन का काम युद्धस्तर पर होना चाहिए, ताकि तीसरी लहर देश में न आ सके.
WATCH LIVE TV
