News in Brief

Buxar: बक्सर के दीपू और फूल कुमारी ने इस बात को सच कर दिखाया कि सच्चे प्यार की हमेशा जीत होती है. यह कहानी है राजपुर थाना क्षेत्र के कोचाढ़ी निवासी केदार राजभर के पुत्र दीपू और नवानगर प्रखंड के मुकुंदडेरा निवासी टेंगरी राय की पुत्री फूलकुमारी की है.

दीपू अपने नानी के घर रह कर पढ़ाई करता था और ननिहाल में ही पड़ोस की रहने वाली स्वजातीय लड़की फुलकुमारी से उसकी आंख लड़ी और फिर धीरे-धीरे प्यार परवान चढ़ने लगा. इसकी खबर जब परिजनों को लगी तो घर के सारे लोग आग बबूला हो गए और फिर दोनों को एक दूसरे से अलग कर दिया  लेकिन दोनों प्रेमी जोड़े ने अलग होने से साफ इनकार कर दिया. 

कहते हैं कि प्यार कभी झुकता नहीं और इसी तर्ज पर दोनों ने एक दूसरे के साथ जीने मरने की कसमें खाने के बाद जान देने की भी कसम खा ली. परिजनों के लाख समझाने-बुझाने के बाद भी जब प्रेमी जोड़े ने जिद नहीं छोड़ी तो परिजन परेशान हो गए. प्यार के इस किस्से को खत्म करने के लिए परिजनों ने दोनों को अलग-अलग कर दिया, लेकिन कहते हैं कि जब-जब प्यार पे पहरा हुआ है प्यार और भी गहरा हुआ है.

एक तरफ जहां परिजन इस प्यार के खिलाफ होकर अपनी जिद पर अड़े थे तो वहीं दूसरी तरफ प्रेमी जोड़े भी एक दूसरे के साथ जीने मरने की कसमें खा चुके थे. अब ऐसे में वह एक दूसरे के बिना कहां रहने वाले थे. आखिरकार यह बात धीरे धीरे समाज में फैली और मामला सिकरौल पंचायत मुखिया सहाबू नट के कानों तक पहुंचा.

प्रेम प्रसंग के इस मामले को लेकर 2 गांव और दो परिवारों के बीच बढ़ते तनातनी के बीच मुखिया ने समझदारी दिखाते हुए बीच का रास्ता निकाला. मुखिया जी ने इस पूरे मामले में अपने स्तर से पहल की और लड़की के गांव पहुंच गए. वहां पहुंचने पर मुखिया जी ने पूरे मामले की जानकारी हासिल की और फिर आथर की पूर्व मुखिया गंगासागर के साथ मिलकर लड़की के परिजनों के साथ बातचीत कर दीपू और फूल कुमारी की शादी के लिए परिजनों को राजी किया.

हालांकि यह इतना आसान नहीं था लेकिन जनप्रतिनिधियों और गांव समाज के बातों में आकर आखिरकार दोनों परिवार दोनों की शादी के लिए अपनी रजामंदी जाहिर कर दी.
मुखिया जी के पहल पर दोनों परिवार की रजामंदी के बाद दीपू और फूल कुमारी की शादी पूरे रीति रिवाज के साथ संपन्न कराई गई.

ये भी पढ़ें- CM नीतीश की लोगों से पर्यावरण बचाने की अपील, कहा- जल व हरियाली है तभी जीवन है

कोरोना काल को देखते हुए और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के साथ-साथ कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करते हुए गांव में ही दोनों की शादी धूमधाम से संपन्न कराई गई.आखिरकार सच्चे प्यार की जीत हुई. दीपू और फूल कुमारी हमेशा हमेशा के लिए एक दूसरे के हो गए.

इस मौके पर मौजूद परिजनों और गांव वालों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया साथ ही साथ इस मौके पर भोज का भी आयोजन किया गया जिसमें कोविड-19 नीयमों का अनुपालन करते हुए पूरे रस्मों को निभाया गया.

(इनपुट- रवि मिश्रा)