News in Brief

सत्य प्रकाश/ रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले की पहचान अब बदल रही है. इस जिले की एक बेटी ने ऐसा काम किया है, जिसकी तारीफ पूरे देश में हो रही है. बस्तर जिले की बेटी नैना सिंह साहस का शानदार उदाहरण पेश करते हुए विश्व के सबसे ऊंचे शिखर माउंट एवरेस्ट पर भारतीय तिरंगा फहराया है. नैना ऐसा करने वाली छत्तीसगढ़ की महिला बन गई है. 

बस्तर की नैना का कमाल
नैना सिंह की माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली छत्तीसगढ़ की पहली महिला बन गई हैं. इतना ही नहीं नैना ने विश्व की चौथी सबसे ऊंची चोटी माउंट ल्होत्से पर भी तिरंगा फहराया है. यह बड़ी उपलब्धि भी हासिल करने वाली नैना छत्तीसगढ़ की पहली महिला हैं. नैना ने 1 जून को यह उपलब्धि हासिल की है. 

10 साल से कर रहीं पर्वतारोहण, टीएस सिंहदेव ने दी बधाई 
नैना सिंह करीब 10 साल से पर्वतारोहण कर रही हैं. नैना बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर से सटे एक्टागुड़ा गांव की रहने वाली हैं. इस सफलता के बाद उन्हें बधाईयां भी खूब मिल रही है.प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर नैना को बधाई देते हुए लिखा है कि ”आज छत्तीसगढ़ की बेटी नैना सिंह धाकड़ ने माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह कर राज्य के नाम को कई गुना और गौरवान्वित कर दिया है. दुनिया के सबसे उच्चतम शिखर पर कदम रखने वाली राज्य की पहली महिला पर्वतारोही के खिताब के लिए बधाई” बता दें कि विश्व की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट 8848.86 मीटर है. वहीं विश्व का चौथे नंबर का पर्वत शिखर माउंट ल्होत्से की ऊंचाई 8516 मीटर है.

जी मीडिया ने नैना की मां विमला ठाकुर से फोन पर बात की. उन्होंने नैना की सफलता पर खुशी जताई है और कहा है कि ये सिर्फ हमारे परिवार के लिए नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए खुशी और गौरव की बात है. उनकी बेटी की सफलता पूरे छत्तीसगढ़ की सफलता है. नैना को उनकी उपलब्धि पर उन्हें प्रदेशभर से बधाईयां मिल रही हैं. खास बात यह है कि नैना छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से आती हैं ऐसे में दूसरी लड़कियों के लिए वह एक प्रेरणा बनकर उभरी है. 

ये भी पढ़ेंः अजब-गजबः उल्टे मटके में पानी भरता है बुजुर्ग, फिर भी नहीं गिरता, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान

WATCH LIVE TV