News in Brief

T20 World Cup 2026: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले नया बम फोड़ा है. शनिवार को उन्होंने हैरान करने वाला बयान दिया. नकवी ने कहा कि वर्ल्ड कप से बांग्लादेश के बाहर होने से पाकिस्तान खुश नहीं है और आईसीसी के इस फैसले से सहमति नहीं रखता. मोहसिन नकवी ने ये भी कहा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान हिस्सा लेगा या नहीं, इसका फैसला जल्द मुल्क के पीएम शहबाज शरीफ लेंगे. 

पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा है कि टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी सरकार की मंजूरी पर निर्भर करती है, क्योंकि आईसीसी ने सुरक्षा चिंताओं के कारण बांग्लादेश के भारत से अपने मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध को खारिज कर दिया है.

पाकिस्तान भी होगा वर्ल्ड कप से आउट?

Add Zee News as a Preferred Source

बता दें कि इससे पहले शुक्रवार, 23 जनवरी को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में आकर टी20 वर्ल्ड कप खेलने से मना कर दिया. इसके बाद शनिवार (आज) को आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शामिल किया. इस विवाद में शुरुआत से ही पाकिस्तान आग में घी डालने का काम कर रहा है. PCB ने पहले बांग्लादेश को उकसाया और अब खुद भी गीदड़भभकी दे रहा है.

पाकिस्तान सरकार के हाथ में बड़ा फैसला

PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा कि पाकिस्तान आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगा या नहीं, इसका फैसला यहां की सरकार करेगी. यानी पाक पीएम शहबाज शरीफ ये फैसला लेंगे कि आईसीसी के मेगा इवेंट में पाकिस्तान की टीम खेलेगी या नहीं. हालांकि, वो तो सुरक्षा कारणों का हवाला भी नहीं दे सकते क्योंकि उनके सभी मुकाबले श्रीलंका में होने हैं. 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान को ग्रुप-ए में रखा गया है, जिसमें भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका भी है. भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में होना है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप्स

ग्रुप-ए: भारत, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया, पाकिस्तान
ग्रुप-बी: श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे, ओमान, आयरलैंड
ग्रुप-सी: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, इटली, नेपाल
ग्रुप-डी: अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात