Bangladesh Parliamentary Elections 2026: बांग्लादेश में 12 फरवरी को आम चुनाव होंगे. साल 2024 में हुई हिंसा और शेख हसीना के पीएम पद छोड़ने के बाद यह पहला चुनाव है. बांग्लादेश में ये चुनाव ऐसे समय पर हो रहा है, जब देश में अल्पसख्यकों के साथ तमाम हिंसा की खबरे आ रही हैं. इस बीच चुनाव ने उन लोगों में डर को और बढ़ा दिया है, जो पहले से ही देश में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे थे. अल्पसंख्यक अधिकार समूहों का कहना है कि हाल की घटनाओं ने लंबे समय से चली आ रही चिंताओं को फिर से ताजा कर दिया है. साल 2025 में सैकड़ों सांप्रदायिक हमले हुए हैं. इनमें हजारों हत्याएं भी शामिल है. 

स्थानीय अल्पसंख्यक नेताओं का कहना है कि चुनाव से पहले अल्पसंख्यक लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. लेकिन हैरानी वाली बात है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का मानना है कि केवल कुछ घटनाएं ही धार्मिक कारणों के हुई हैं बाकी कई सामान्य आपराधिक कृत्य ही हैं. इस बीच अधिकारियों ने पर्यवेक्षकों से संप्रदायिक तनाव और व्यापक कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों को बीच अंतर करने का आग्रह किया है. 

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों में डर का माहौल 

Add Zee News as a Preferred Source

अल्पसंख्यक संगठनों ने हाल में ही चेतावनी दी है कि भय और असुरक्षा के परिवेश में लोकतांत्रित प्रक्रियाओं में भाग लेना संभव नही है. इसके साथ ही नेताओं ने सुरक्षा आजीविका, संपत्ति गरिमा को लेकर भी चिंता जताई है. उन्होंने तर्क दिया है कि अल्पसंख्यकों की मतदान की इच्छा के बावजूद ये मुद्दे अनसुलझे हैं. चुनाव से पहले देश में कई बड़ी सांप्रदायिक हिंसा देखने को मिली है. वहीं. अल्पसंख्यकों पर लगातार हमले जारी है. 9 फरवरी को ही एक हिंदू व्यापारी की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई.  समुदाय के प्रतिनिधियों के अनुसार, चुनाव का माहौल लगातार भीड़ हिंसा और निरंतर चिंता से ग्रस्त है.

कई अल्पसंख्यक अपने घरों को छोड़ने पर मजबूर 

रिपोर्ट्स के अनुसार, लगातार बढ़ती इस प्रकारण की घटनाओं के कारण कुछ परिवारों को अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है, जबकि अल्पसंख्यक व्यवसायी सुरक्षा चिंताओं के बीच सामान्य रूप से कारोबार करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. पिछले साल की निगरानी रिपोर्ट में पता चला है कि बांग्लादेश में हिंदुओं, बौद्धों, ईसाइयों और अहमदियों को निशाना बनाकर किए गए हमलों का एक चिंताजनक सिलसिला भी सामने आया है, जिनमें आगजनी, यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले शामिल हैं. इस बीच विश्लेषकों का मानना है कि मजबूत कानून व्यवस्था के बिना, अल्पसंख्यक उम्मीदवारों के लिए स्वतंत्र रूप से चुनाव प्रचार करना मुश्किल हो सकता है और मतदाता मतदान करने में संकोच कर सकते हैं.

बांग्लादेश में राजनीतिक परिदृश्य अस्थिर 

गौरतलब है कि साल 2024 में हुए जन विद्रोह में शेख हसीना की सत्ता को बेदखल होना पड़ा था. उसके बाद से बांग्लादेश में व्यापक राजनीतिक परिदृश्य अस्थिर बना हुआ है. इस घटनाक्रम ने बांग्लादेश की अंतरिम सत्ता संरचना को बदल दिया और क्षेत्रीय संबंधों में तनाव पैदा कर दिया.उधर, कुछ अल्पसंख्यक प्रतिनिधियों ने तर्क दिया है कि राजनीतिक अभियानों में धर्म का इस्तेमाल, अपर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ मिलकर, चुनावी प्रक्रिया पर विश्वास को कमजोर कर सकता है. हालांकि, अंतरिम सरकार ने बढ़ते हुए हमलों की खबरों को झूठा प्रचार बताकर खारिज कर दिया है और दावा किया है कि इस प्रकार के दावे एक संवेदनशील राजनीतिक दौर में सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का उद्देश्य से किए जा रहे हैं. 

बांग्लादेश के लिए अहम पल 

उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले चुनाव काफी अहम हैं. इस चुनाव को  बांग्लादेश की बहुसांस्कृतिक संरचना को संरक्षित करने और राजनीतिक परिवर्तन से निपटने की क्षमता की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है. अल्पसंख्यक नेताओं का इस बात पर जोर है कि एक सुरक्षित और विश्वास-वर्धक वातावरण बनाना न केवल मतदाताओं की भागीदारी के लिए बल्कि लोकतांत्रिक वैधता को बनाए रखने के लिए जरूरी है.