
Siwan: छपरा में एंबुलेंस का मामला अभी थमा भी नहीं है कि स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के जिले सीवान में एंबुलेंस घोटाले का खुलासा हुआ है. एम्बुलेंस घोटाला का मामला प्रकाश में आते ही सीवान के डीएम अमित कुमार पांडेय एक्शन में आ गए.
डीएम ने जांच कमेटी का गठन कर दिया है. इस कमेटी में एडीएम, ट्रेजरी ऑफिसर और स्थापना उप समाहर्ता शामिल हैं. जांच कमेटी 3 से 4 सप्ताह में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. डीएम अमित कुमार पांडेय ने कहा कि कोविड- 19 को ध्यान में रखकर स्टूमेंट्स और एम्बुलेंस का क्रय किया गया है, जिस कारण एम्बुलेंस का मूल्य ज्यादा है और जीएम पोर्टल पर इस तरह का एम्बुलेंस नहीं था जिस वजह से टेंडर निकालकर प्राइवेट कंपनी से खरीदारी की गई थी.
डीएम ने कहा कि हर तथ्य पर जांच किया जा रहा है और जांच के बाद मामला सामने आएगा. स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने भी इस मामले पर कहा है कि एम्बुलेंस खरीद में धांधली की जांच जिला स्तर पर होगी.
क्या है मामला?
कोरोना संक्रमण के बीच एंबुलेंस की कमी के बाद सीवान जिले में एंबुलेंस की खरीद की गई. जिस एंबुलेंस की कुल कीमत सात लाख बताई जा रही है, उसके अपग्रेडशन के नाम पर 6 लाख 72 हजार का बिल पास कराया गया. इतना ही नहीं मेडिकल उपकरण के नाम पर करीब 6 लाख रुपए और लिए गए. जिसके बाद सात लाख की कीमत वाली एंबुलेंस को 21 लाख रुपये में खरीदा गया.
कैसे हुआ खुलासा?
पूर्व मंत्री बिक्रम कुंवर ने एमएलए और एमएलसी फंड से दिए गए एंबुलेंस में घोटाले का आरोप लगाया. विक्रम कुंवर ने घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि 7 से 8 लाख की एंबुलेंस 21से 22 लाख में खरीदी गई है. पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पूरे मामले की जांच की मांग की है. उन्होंने कहा है कि ये एम्बुलेंस GEM पोर्टल से खरीदारी करने के बजाय किसी अन्य संस्था के द्वारा खरीदी गई है.
ये भी पढ़ें- Motihari: तालाब में स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने से 3 युवतियों की मौत, गांव में पसरा मातम
विक्रम कुंवर ने आरोप लगाया है कि एम्बुलेंस और उसमें इस्तेमाल किए गए अन्य सामान की कीमत ज्यादा बढ़ा कर लिखा गया और उसकी राशि निकाल ली गई है. वहीं इस मुद्दे पर बीजेपी एमएलसी टुन्ना पांडेय ने कहा कि ‘हमारा का काम सिर्फ अनुशंसा करना होता है अगर इसमें घोटाले की बात सामने आ रही है तो जांच की जाएगी.
इससे पहले छपरा में पप्पू यादव ने एम्बुलेंस मामले का किया था खुलासा
छपरा में बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी के घर से मिली दर्जनों एम्बुलेंस मिली थी, जिस पर जन अधिकार पार्टी के संयोजक पप्पू यादव ने सवाल उठाए थे. एम्बुलेंस के मामले ने बिहार की राजनीति में भूचाल ला दिया था. अब सीवान में एम्बुलेंस खरीद में घोटाले पर बिहार की सियासत गरमा गई है.
