News in Brief

Patna: कोरोना पीड़ित लोगों को मदद पहुंचाने के लिए कांग्रेस पार्टी (Congress party) सक्रिय हो गई है. इस कड़ी में कांग्रेस ने इस बार पूर्व पीएम राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) की पुण्यतिथि को कुछ अलग तरीके से मनाने का फैसला लिया है.

बिहार कांग्रेस (Bihar Congress) के नेता इस दिन लोगों के बीच कोविड किट बांटेंगे. प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने इस बाबत सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश जारी कर दिया है.
राजीव गांधी की 30वीं पुण्यतिथि जोर-शोर से मनाने की तैयारी कांग्रेस ने शुरू कर दी है. एक ओर जहां पार्टी के विधायक सांसद 21 मई को अपने क्षेत्र में 2-2 एम्बुलेंस अपनी तरफ से शुरू करेंगे.वहीं, दूसरी तरफ पार्टी के नेता लोगों के बीच कोविड किट बांटेंगे.

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष ने राज्य में कांग्रेस के प्रत्येक जिले के अध्यक्षों को निर्देशित करते हुए इस संदर्भ में पत्र लिखा है. उन्होंने निर्देश दिया है कि आगामी 21 मई को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी के 30वें शहादत दिवस पर प्रदेश के सभी जिलों में जरूरतमंदों के बीच भोजन, मास्क, सैनिटाइजर, दवा और जरूरी आवश्यकताओं का वितरण किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी के प्रति कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा ये सच्ची श्रद्धांजलि होगी. पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष ने कोविड हेल्पलाइन और नियंत्रण कक्ष के लिए अपने जिला अध्यक्षों की सराहना भी की है. प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य में पूर्व से कोरोना मरीजों के लिए हेल्पलाइन नम्बर और सेवा कार्य चला रही है.

ये भी पढ़ें- चिदंबरम ने DMCH को लेकर CM नीतीश से पूछा सवाल-कभी दरभंगा गए हैं?, तो संजय झा ने दिया ये जवाब

कांग्रेस के सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों के ऐच्छिक कोष से दो-दो एम्बुलेंस प्रत्येक जिले को देने की घोषणा भी हुई है. इसके अलावे दवा, ऑक्सीजन और अस्पतालों में बेड और एम्बुलेंस तक की व्यवस्था जरूरतमंद लोगों के बीच कराई जा रही है. इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए कोरोनाकाल में कोरोना प्रोटोकॉल का ख्याल रखते हुए 21 मई को पार्टी भारत रत्न राजीव गांधी की 30वीं पुण्यतिथि मनाएगी.