News in Brief

Jaipur : संचार, वाणी, वाणिज्य और बुद्धि आदि का कारक ग्रह बुध 26 मई 2021 को अपनी स्वराशि मिथुन में गोचर करेंगे. इस बीच 30 मई 2021 को बुध ग्रह वक्री भी होंगे. बुध देव के इस गोचर से कई जातकों को लाभ होगा. ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास ने बताया कि बुध ग्रह 26 मई बुधवार को प्रात: 7 बजकर 50 मिनट से 3 जून को 3 बजकर 46 मिनट तक मिथुन राशि में गोचर करेंगे. मिथुन राशि में बुध का राशि परिवर्तन महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मिथुन राशि को वायु तत्व की राशि माना गया है. इस राशि में बुध का प्रवेश शुभ फल प्रदान करने वाला होगा. 

यह भी पढ़ें- आपकी मुसीबतों की वजह हो सकता है ये गृह, अब आसान उपायों से प्राप्त करें हर खुशी

बुध के राशि परिवर्तन का व्यक्ति के जीवन में प्रभाव पड़ता है. बुध का मिथुन राशि में प्रवेश कुछ राशियों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है. बुध ग्रह जिस ग्रह के साथ आता है, उस ग्रह के अनुसार ही व्यवहार करने लगता है. बुध ग्रह मिथुन और कन्या राशि का स्वामी है. बुध सूर्य का निकटतम ग्रह है. बुध ग्रह को बुद्धि का प्रदाता कहा गया है. बुध ग्रह के लक्षण की बात करें तो यह व्यक्ति में बुद्धि, विवेक, हाज़िर जवाबी और हास्य–विनोद का प्रतिनिधित्व करता है. यह एक शुभ ग्रह है लेकिन कुछ स्थितियों में बुध अशुभ ग्रह में बदल सकता है. बुध कम्युनिकेशन का ग्रह है. 

ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास ने बताया कि बुध ग्रह के अधिदेवता भगवान विष्णु हैं. बुध व्यापार के देवता तथा व्यापारियों के रक्षक हैं. बुध चन्द्र और तारा के पुत्र है. बुध सौरमंडल के  ग्रहों में सबसे छोटा और सूर्य से निकटतम है. बुध के हाथों में तलवार, ढाल, गदा तथा वरमुद्रा धारण की हुई है. यह व्यापार, वाणिज्य, कॉमर्स, व्यापार, खाते, बैंकिंग, मोबाइल, नेटवर्किंग, कंप्यूटर आदि से संबंधित क्षेत्रों का प्रतीक है. एक शक्तिशाली बुध आपके जीवन के उपर्युक्त क्षेत्रों में सफलता का प्रतीक है. ताकतवर बुध वाले लोग तेज दिमाग के होने की वजह से उनके सोचने की शक्ति अच्छी होती है. लेकिन, इनकी एक समस्या यह होती है कि ये चिंता और अनिश्चितता से प्रभावित होते हैं. 

वृष, सिंह, कन्या, वृश्चिक और मकर के लिए शुभ 
ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास ने बताया कि मिथुन राशि में बुध के आ जाने से वृष, सिंह, कन्या, वृश्चिक और मकर राशि वाले लोगों के लिए अच्छा समय रहेगा. इन राशियों के लोगों को जॉब और बिजनेस में आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे. रुका हुआ पैसा मिलने के भी योग बन रहे हैं. लेन-देन और निवेश में फायदा हो सकता है. इसके अलावा इन राशियों लोग बड़े कामकाज की योजनाएं बनाएंगे. इन लोगों की तर्क शक्ति भी बढ़ेगी.

कर्क और मीन राशि के लिए अशुभ  
विख्यात भविष्यवक्ता अनीष व्यास ने बताया मिथुन राशि में बुध के आने से कर्क और मीन राशि वाले लोगों को संभलकर रहना होगा. इन 2 राशियों के लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है. सेविंग खत्म होने और निवेश में नुकसान होने की आशंका है. लेन-देन में भी सावधानी रखनी होगी. किस्मत का साथ नहीं मिल पाएगा. नसों से संबंधी रोग हो सकते हैं. नौकरीपेशा लोगों के कामकाज में बदलाव और स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं.

मेष, मिथुन, तुला, धनु और कुंभ के लिए सामान्य 
विख्यात कुण्डली विश्ल़ेषक अनीष व्यास ने बताया बुध के राशि परिवर्तन से मेष, मिथुन, तुला, धनु और कुंभ राशि वाले लोगों के लिए समय सामान्य रहेगा. इन 5 राशि वाले लोगों के सोचे हुए काम पूरे हो सकते हैं. कामकाज को लेकर नए और बड़े लोगों से मुलाकात हो सकती है. रोजमर्रा के कामों में मेहनत भी ज्यादा करनी पड़ेगी. दौड़-भाग बनी रहेगी. साथ ही लेन-देन और निवेश सोच-समझकर करना होगा. सेहत के मामलों में इन राशि वालों को संभलकर रहना होगा.

क्या होगा असर
ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास ने बताया कि बुध के राशि बदलने से देश की अर्थव्यवस्था में बड़े बदलाव हो सकते हैं. अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रभाव बढ़ेगा. इस ग्रह के प्रभाव से व्यापार भी बढ़ेगा. कंठ का कारक ग्रह होने की वजह से इस ग्रह के राशि बदलने पर गले से जुड़ी बीमारियों में लोगों को राहत मिल सकती है. कोरोना महामारी से होने वाली मृत्यु दर में कमी आएगी और कोरोना का असर न्यूनतम होगा. लोगों में रचनात्मकता बढ़ेगी. शेयर मार्केट बढ़ने की संभावना है. कीमती धातुओं के दाम कम होंगे. बाजार में खरीदारी बढ़ सकती है. खाने-पीनी की चीजें महंगी हो सकती है. बिजनेस करने वाले लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा. लेन-देन और निवेश में कई लोगों को फायदा मिल सकता है. कई नौकरीपेशा लोग जॉब बदलने का मन बना सकते हैं. 

बुध के उपाय 
ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास ने बताया कि बुध से पीड़ित व्यक्ति को मां दुर्गा की आराधना करनी चाहिए. बुधवार के दिन गाय को हरा चारा खिलाना चाहिए और साबूत हरे मूंग का दान करना चाहिए. बुधवार के दिन गणपति को सिंदुर चढ़ाएं. बुधवार के दिन गणेश जी को दूर्वा चढ़ाएं. दूर्वा की 11 या 21 गांठ चढ़ाने से फल जल्दी मिलता है. पालक का दान करे. बुधवार को कन्या पूजा करके हरी वस्तुओं का दान करे.

बुध के इस गोचर का सभी 12 राशियों पर शुभ-अशुभ प्रभाव.
मेष राशि

बुध का गोचर आपकी राशि से तीसरे भाव में होगा. इस अवधि में आपका आत्म-विश्वास बढ़ेगा. छोटे भाई-बहनों के साथ रिश्ते बेहतर होंगे. आपके साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी.

वृष राशि
बुध का गोचर आपकी राशि से दूसरे भाव में होगा. बुध का गोचर आपकी संवाद शैली को मजबूत करेगा. कुटुंब के लिए परिस्थितियां अच्छी होंगी. इस दौरान आप धन बचत कर पाने में भी सफल होंगे.

मिथुन राशि 
बुध का गोचर आपकी राशि से लग्न भाव में होगा. अपनी बुद्धि विवेक के कारण आप सही निर्णय लेंगे. इस समय आपको शुभ समाचार प्राप्त हो सकता है. वैवाहिक जीवन में सुख-शांति का वातावरण देखने को मिलेगा.

कर्क राशि
बुध का गोचर आपकी राशि से बारहवें भाव में होगा. इस अवधि में आपके खर्चे बढ़ेंगे. खर्च के मुकाबले आमदनी कम होगी. धन हानि होने के भी संकेत हैं.

सिंह राशि 
बुध का गोचर आपकी राशि से लाभ में होगा. आपकी आय में वृद्धि होगी. एक से अधिक स्रोतों से धन प्राप्ति के योग बनेंगे. इस दौरान आप कोई शुभ समाचार भी प्राप्त कर सकते हैं. घर में बड़े भाई-बहनों के साथ रिश्ते मधुर होंगे.

कन्या राशि 
बुध का गोचर आपकी राशि से दसवें भाव में होगा. इस अवधि आपके कार्यक्षेत्र के लिए अनुकूल साबित होगी. कार्यक्षेत्र में आ रही परेशानियां दूर होंगी. इस दौरान आपको न केवल कार्य क्षेत्र में बल्कि समाज में मान-सम्मान मिलेगा. 

तुला राशि
बुध का गोचर आपकी राशि से नौवें भाव में होगा. धर्म और आस्था के प्रति आपकी रुचि बढ़ेगी. आप समाज कल्याण के कार्य में बढ़कर चढ़कर हिस्सा लेंगे. लोगों के हित में कार्य करने से आपको शांति मिलेगी. 

वृश्चिक राशि
बुध का गोचर आपकी राशि आठवें भाव में होगा. आपके सामने अचानक से परेशानियां आ सकती हैं. लेकिन रहस्यमयी विषयों में आप रुचि लेंगे. इस दौरान आपके ननिहाल पक्ष को किसी तरह की आर्थिक हानि हो सकती है. 

धनु राशि
बुध का गोचर आपकी राशि से सातवें भाव में होगा. गोचर के प्रभाव से आपके वैवाहिक जीवन में खुशियां आएंगी. जीवनसाथी का सहयोग पाकर आप स्वयं को खुशकिस्मत समझेंगे. व्यापार में लाभ मिलेगा.

मकर राशि
बुध का गोचर आपकी राशि से छठे भाव में होगा. विरोधियों के षड्यंत्रों से आपको सावधान रहने की जरुरत है. इस दौरान शत्रु आपके ऊपर हावी रहेंगे. साथ ही आपको अपनी सेहत पर भी ध्यान देना होगा.

कुंभ राशि
बुध का गोचर आपकी राशि से पांचवें भाव में होगा. प्रेम संबंधी मामलों में सफलता मिलेगी. रिश्ते में रोमांस बना रहेगा. उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई की चिंता रहेगी. 

मीन राशि
बुध का गोचर आपकी राशि से चौथे भाव में होगा. इस अवधि में आपके सुखों में वृद्धि होगी. वाहन-प्रॉपर्टी आदि खरीद सकते हैं. माता जी की सेहत दुरुस्त रहेगी.

यह भी पढ़ें- शुक्र गृह का होने वाला है राशि परिवर्तन, होगी सुखों की वर्षा, जानिए आपका राशिफल