News in Brief

Hazaribagh: झारखंड के हजारीबाग से एक चौका देने वाला मामला सामने आया है. यहां प्रेम विवाह कर लेने के कारण लड़की के घर वालों ने अपना सिर मुंडवाकर लड़की का परित्याग कर दिया है. 

उक्त मामला बड़कागांव प्रखंड के नापो खुर्द पंचायत के डोका टांड गांव का है. यहां बीए सेमेस्टर वन की छात्रा लक्ष्मी कुमारी एवं विक्की कुमार ने प्रेम विवाह रचाया है. प्रेमी जोड़े ने एक वीडियो जारी कर परिवार वालों को अपने विवाह की जानकारी दी. वीडियो में लक्ष्मी कुमारी ने किसी के दबाव में नहीं बल्कि खुद की मर्जी से शादी करने की बात कही है.

इधर, अपनी मनमर्जी से शादी कर लेने की बात को लेकर लड़की के परिवार वालों में काफी गुस्सा देखा गया. इसी क्रम में लड़की के तीन रिश्तेदारों ने अपना सिर मुंडवाकर लड़की के कपड़े सहित सभी सामान को जलाकर नष्ट कर दिया. इतना ही नहीं बल्कि, लड़की के परिवार वालों ने उसका परित्याग कर देने की बात भी कही. 

ये भी पढ़ें- झारखंड में पंचायत चुनाव को लेकर सियासत तेज, BJP बोली- हेमंत सरकार की नीयत ठीक नहीं   

मामले को लेकर लक्ष्मी के जीजा रोहित कुमार साव का कहना है कि ‘लक्ष्मी के द्वारा वीडियो जारी करने से हम लोग काफी दुखी हैं. परिवार वालों ने उसके कपड़े, फोटो एवं उसका सभी सामान जला दिया है साथ ही सिर मुंडवाकर पूजा पाठ कर उसका परित्याग कर दिया है.’

रोहित कुमार ने आगे कहा कि ‘हम लोग लक्ष्मी के लिए एक अच्छे परिवार में शादी की बात चला रहे थे. भगवान से मांगते हैं कि लक्ष्मी जहां भी रहे खुशहाल रहे और तरक्की करती रहे.’

(इनपुट- यादवेंद्र सिंह मुन्नू)