Donald Trump threatened canada: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा के साथ चल रहे एक नए व्यापार विवाद में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि अमेरिका और कनाडा के बीच बन रहे गॉर्डी हाउ ब्रिज को तब तक नहीं खोला जाना चाहिए, जब तक अमेरिका को इसका सही मुआवजा नहीं मिलता है. ट्रंप ने ये बात अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखी है. उन्होंने कहा कि कनाडा ने कई दशकों से अमेरिका के साथ गलत व्यवहार किया है.

नहीं मिली आधी हिस्सेदारी तो नहीं होगा उद्घाटन 
 उन्होंने साफ कहा कि अगर अमेरिका को उचित हिस्सा और मुआवजा नहीं दिया गया तो वह इस पुल के उद्घाटन को रोकने की कोशिश करेंगे. ट्रंप ने ये भी लिखा कि बातचीत तुरंत शुरू की जाएगी. उनका कहना है कि अमेरिका को इस परियोजना में कम से कम आधी हिस्सेदारी मिलनी चाहिए.

क्या है गॉर्डी हाउ ब्रिज परियोजना?
गॉर्डी हाउ ब्रिज अमेरिका के मिशिगन राज्य और कनाडा के ओंटारियो प्रांत को जोड़ने वाला एक बड़ा सीमा पार पुल है. यह पुल डेट्रॉयट नदी के ऊपर बनाया जा रहा है. ये सीधे मिशिगन की इंटरस्टेट 75 सड़क को कनाडा के हाईवे 401 से जोड़ेगा. यह छह लेन वाला एडवांस पुल होगा. इसका मकसद दोनों देशों के बीच ट्रैफिक का दबाव कम करना और व्यापार को तेज करना है.

Add Zee News as a Preferred Source

क्यों भड़के हैं ट्रंप?
ये परियोजना खास रूप से कनाडा की सरकारी एजेंसियों द्वारा विकसित की जा रही है. ट्रंप का आरोप है कि इस पुल के निर्माण में अमेरिका की भागीदारी बहुत कम है. उन्होंने कहा कि इस परियोजना में लगभग कोई भी अमेरिकी सामग्री इस्तेमाल नहीं की गई है. इसी बात को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई है.

ट्रंप ने अपने बयान में पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पर भी निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि ओबामा सरकार ने कनाडा को बाय अमेरिकन एक्ट से छूट दी थी. ट्रंप का दावा है कि इसी वजह से इस परियोजना में अमेरिकी कंपनियों और उत्पादों को पर्याप्त जगह नहीं मिली.

 उन्होंने दोहराया कि अमेरिका जैसे बड़े बाजार के होते हुए ये सही नहीं है कि अमेरिका को इस संपत्ति में मालिकाना हक न मिले. उनका कहना है कि अमेरिका को कम से कम आधे हिस्से का स्वामित्व मिलना चाहिए. उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच व्यापार संतुलन से जुड़ा मामला बताया है.

डेयरी नीति पर भी जताई आपत्ति
ट्रंप ने केवल पुल के मुद्दे पर ही नहीं बल्कि कई पुराने व्यापारिक विवादों पर भी बात की है. उन्होंने खास तौर पर कनाडा की डेयरी नीति पर आपत्ति जताई है. ट्रंप ने कहा कि कनाडा के डेयरी टैरिफ लंबे समय से अस्वीकार्य हैं. उनका कहना है कि इन नीतियों की वजह से अमेरिकी किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है. 

चीन के साथ समझौता करना चाहते हैं पीएम मार्क कार्नी?
उन्होंने आरोप लगाया कि कनाडा अपने किसानों को बचाने के लिए अमेरिकी किसानों के लिए बाजार के रास्ते बंद कर देता है. ट्रंप ने इसे अमेरिका के हितों के खिलाफ बताया है. इसके साथ ही ट्रंप ने कनाडा और चीन के बढ़ते आर्थिक संबंधों पर भी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी चीन के साथ समझौता करना चाहते हैं. ट्रंप ने दावा किया कि अगर ऐसा हुआ तो चीन कनाडा की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकता है. 

कनाडा पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगा सकते हैं ट्रंप?
उन्होंने यह भी धमकी दी कि अगर कनाडा चीन के साथ पूर्ण व्यापार समझौता करता है तो अमेरिका कनाडाई सामान पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगा सकता है. हालांकि प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इन आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने साफ कहा है कि कनाडा का चीन के साथ कोई मुक्त व्यापार समझौता करने का इरादा नहीं है. उन्होंने बताया कि हालिया समझौते बहुत सीमित और तकनीकी स्तर के थे.

ये भी पढ़ें: UK के राजदूत का एपस्टीन विवाद में नाम आने से बढ़ा बवाल, PM स्टार्मर के ‘राइट हैंड’ ने दिया इस्तीफा