
ICC vs PCB vs BCB: भारत बनाम पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मैच तय शेड्यूल के मुताबिक ही होगा. पाकिस्तान सरकार ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद अपने प्रस्तावित बॉयकॉट पर बड़ा यू-टर्न ले लिया है और नेशनल टीम को 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान में उतरने का निर्देश दिया है. पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी), बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और आईसीसी के बीच बातचीत हुई. इस दौरान यह तय हुआ कि टूर्नामेंट का सबसे ज्यादा कमाई वाला बर्बाद नहीं होगा.
सरकार ने किया ‘यू-टर्न’ का ऐलान
पाकिस्तान के इस यू-टर्न के बाद उसकी जगहंसाई हो रही है. सोशल मीडिया पर उसे ट्रोल किया जा रहा है और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी का सब मजाक उड़ा रहे हैं. इस घोषणा की पुष्टि पाकिस्तान सरकार के सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए की गई. पाकिस्तान सरकार ने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा, ”बहुपक्षीय चर्चाओं में मिले नतीजों और दोस्त देशों के अनुरोध को देखते हुए पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान नेशनल क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप में अपने तय मैच के लिए 15 फरवरी, 2026 को मैदान में उतरने का निर्देश देती है.”
पाकिस्तान ने क्या बहाना बनाया?
पाकिस्तान सरकार ने इसके आगे लिखा, ”इसके अलावा यह फैसला क्रिकेट की भावना की रक्षा करने और सभी हिस्सा लेने वाले देशों में इस ग्लोबल खेल की निरंतरता को बनाए रखने के मकसद से लिया गया है. पाकिस्तान के माननीय प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पीसीबी, आईसीसी और बीसीबी के प्रतिनिधियों के बीच हुई उच्च-स्तरीय बातचीत के नतीजों के बारे में औपचारिक रूप से जानकारी दी है. पाकिस्तान सरकार ने बीसीबी द्वारा पीसीबी को भेजे गए औपचारिक अनुरोधों के साथ-साथ श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य सदस्य देशों से मिले समर्थन संदेशों की समीक्षा की है. इन संदेशों में हाल की चुनौतियों का एक सही समाधान खोजने में पाकिस्तान के नेतृत्व की मांग की गई थी.”
पाकिस्तान की नौटंकी
बांग्लादेश ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद भारत में अपने मैच नहीं खेलने का फैसला किया. उसने सुरक्षा का हवाला दिया और श्रीलंका में अपने मैच कराने की अपील की. आईसीसी ने इसे नहीं माना और बांग्लादेश को बाहर करके स्कॉटलैंड को जगह दे दी. इसमें पाकिस्तान की जरूरत नहीं थी, लेकिन ‘बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना’ की तरह पर घुस आया और आईसीसी को ब्लैकमेल करने लगा. उसने बांग्लादेश का समर्थन करने की नौटंकी करते हुए भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेलने का फैसला किया.
ये भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप के बीच ईशान किशन को 440 वोल्ट का झटका, BCCI ने अचानक किया बाहर, मचा हड़कंप
बांग्लादेश के साथ ‘धोखा’
पाकिस्तान ने इस पूरे विवाद में पीछे से बांग्लादेश का समर्थन किया और उसे आईसीसी से लड़ने के लिए उकसाया. पाकिस्तान की बात में आकर बांग्लादेश ने भारत में नहीं खेलने की जिद की और जब तक बाहर नहीं हो गया, तब तक उस पर अड़ा रहा. फिर पाकिस्तान ने भारत के मैच का बॉयकॉट किया, लेकिन अपने आर्थिक नुकसान को देखते हुए इसे वापस ले लिया. इससे बांग्लादेश के साथ बड़ा धोखा हो गया. मोहसिन नकवी यह बहाना बना रहे हैं कि बांग्लादेश के कहने पर उन्होंने बात मानी, लेकिन वास्तविकता यही है कि उन्हें आर्थिक नुकसान का डर सता रहा था. बांग्लादेश के पीछे छिपकर नकवी खेल रच रहे थे और बाद में उसी में फंसे तो यू-टर्न ले लिया.
आईसीसी ने ठुकराई पाकिस्तान की ये 3 मांग
– पाकिस्तान ने भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज की मांग की, जिसे आईसीसी ने यह कहते हुए खारिज कर दिया कि यह उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, यहां तक कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) साइकिल के तहत भी नहीं.
– पीसीबी ने भारत, बांग्लादेश और पाकिस्तान को शामिल करते हुए एक ट्राई-सीरीज का भी प्रस्ताव रखा, लेकिन आईसीसी ने इस अनुरोध को साफ तौर पर ठुकरा दिया.
– पीसीबी की मांग है कि भारत को इस साल के आखिर में बांग्लादेश का दौरा करना चाहिए, उस सीरीज के लिए जिसे पिछले साल स्थगित कर दिया गया था. हालांकि, आईसीसी ने दोहराया है कि वह द्विपक्षीय सीरीज से संबंधित फैसलों में हस्तक्षेप नहीं कर सकता.
ये भी पढ़ें: USA vs PAK: अपना हुआ पराया.. पाकिस्तान मूल के खिलाड़ी ने टीम के जख्मों पर ठोकी कील, दे दिया खुला चैलेंज
बांग्लादेश पर नहीं होगा कोई एक्शन
आईसीसी ने पूरे घटनाक्रम के बाद कहा कि बांग्लादेश के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया जाएगा. आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप से बांग्लादेश क्रिकेट टीम की बदकिस्मती से गैरमौजूदगी पर बात करते हुए, क्रिकेट की ग्लोबल गवर्निंग बॉडी ने बीसीबी की एक अहम फुल मेंबर के तौर पर पोजीशन को फिर से पक्का किया, जिसका क्रिकेट का इतिहास शानदार है और ग्लोबल गेम की ग्रोथ में एक अहम रोल है.
बांग्लादेश में होगा आईसीसी टूर्नामेंट
आईसीसी ने क्रिकेट के सबसे वाइब्रेंट मार्केट में से एक में ग्रोथ को लगातार आसान बनाने की बात भी दोहराई, जहां 200 मिलियन से ज्यादा फैन हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में राष्ट्रीय टीम के हिस्सा न लेने का देश में क्रिकेट पर कोई लंबे समय तक असर न पड़े. यह समझौता हुआ है कि बांग्लादेश, आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2031 से पहले एक आईसीसी इवेंट होस्ट करेगा, जो आईसीसी के आम होस्टिंग प्रोसेस, टाइमलाइन और ऑपरेशनल जरूरतों के हिसाब से होगा.
