
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से पिछले एक महीने से लॉकडाउन लगा हुआ है, दुकानें नहीं खुली हैं. ऐसे में अगर कोई व्यापारी पैसे नहीं दे पा रहा है, तो भाजपा शासित एमसीडी या तो दुकानों को सील कर रही है या उस व्यापारी से मनमाने तरीके से घूस ले रही है. ऐसे में छोटे और मझोले व्यापारियों पर इसकी सबसे बड़ी मार पड़ी है. पहले ट्रेड लाइसेंस बनाने के लिए 500 से 1000 रुपए देने पड़ते थे लेकिन आज 6000 से 15000 तक देने पड़ रहे हैं. और साथ ही भाजपा उनसे 2% ट्रांजैक्शन चार्ज भी ले रही है.
दुर्गेश पाठक ने कुछ आंकड़े पेश करते हुए कहा कि पहले जो फैक्ट्री लाइसेंस 5000 से 15000 रुपए में बन जाते थे, आज उसे बनाने और रिन्यू करने के लिए 50 हज़ार से लगभग 1.5 लाख तक लिए जा रहे हैं. एमसीडी फैक्टरियों से कूड़ा उठाने के लिए भी चार्ज लेती है. जबकि वो कूड़ा उठाते भी नहीं हैं. दुर्गेश पाठक ने भाजपा के नेताओं से व्यापारियों पर पेनाल्टी न लगाने और दुकान न बंद करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में ट्रेड लाइसेंस का इतना रुपया लेना, फैक्ट्री लाइसेंस का इतना रुपया लेना, कूड़ा उठाने के लिए इतना रुपया लेना और साइन बोर्ड पर इतनी बड़ी-बड़ी पेनल्टी करना मुझे लगता है कि यह गलत है.
दुर्गेश पाठक ने कहा कि इस कोरोना की बीमारी से बहुत बड़े पैमाने पर जनहानि हुई है. दूसरी सबसे बड़ी मार आर्थिक रूप से पड़ी है. लोग आर्थिक रूप से पूरी तरह से टूट गए हैं. पिछले एक साल से देखा जाए तो व्यापार पूरी तरह से ठप है. पिछले एक साल से दुकानों का व्यापार लगभग एक चौथाई भी कहना ज़्यादा होगा, उतना भी नहीं रहा है. लोग बहुत ज्यादा परेशान हैं.
आज जब हिंदुस्तान में मांग उठ रही है कि टैक्स कम किया जाए, ईज ऑफ बिजनेस किया जाए, व्यापार को ऐसे बेहतर तरीके का माहौल दिया जाए कि लोग बेहतर तरीके से व्यापार कर सकें और उसे बढ़ा भी सकें. ऐसा लगता है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता या तो लूटने में लगे हुए हैं या तो दिल्ली को बर्बाद करने में लगे हुए हैं. भारतीय जनता पार्टी के नेता दिल्ली के लोगों से एक युद्ध लड़ रहे हैं. कुछ दिन पहले हमने मुद्दा उठाया था कि भाजपा की एमसीडी ने दिल्ली के निवासियों पर 13 तरह के नए टैक्स लगाए हैं और उसमें सबसे ज्यादा मार छोटे और मझोले व्यापारियों पर मार पड़ी हैआज दिल्ली में मझला और छोटा व्यापारी पूरी तरीके से परेशान है.
भाजपा से मांग करते हुए दुर्गेश पाठक ने कहा, मैं भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से मांग करता हूं कि इस महामारी के समय में व्यापारियों का खून चूसना बंद कर दीजिए. यदि कोई व्यापारी किसी कारण से पैसा नहीं दे पा रहा है तो उस पर पेनल्टी मत लगाइए. उसकी दुकान मत बंद करिए. उसके यहां पैसे लेने के लिए अपने एजेंट मत भेजिए. यह मेरी आपसे हाथ जोड़कर विनती है और मानवता के नाते भी आपसे कहना चाहता हूं कि दिल्ली के व्यापारी सारा टैक्स पूरी ईमानदारी से भरते हैं.
इस दौरान आप नेता दीपक सिंगला भी मौजूद रहे. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी की सरकार व्यापारियों को सुविधाएं देने में लगी हुई है, वहीं भाजपा की सरकार उनका खून चूसने में लगी हुई है. हम व्यापारी हैं हमारी सहायता करनी चाहिए. हम भाजपा के नेताओं से हाथ जोड़कर विनती करते हैं कि कृपया हमें परेशान करना बंद कर दें और व्यापारियों का साथ दें. जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी की सरकार अरविंद केजरीवाल जी की सरकार व्यापारियों को सुविधाएं देने में लगी हुई है, उनका सिस्टम बेहतर बनाने में लगी हुई है वहीं भाजपा की सरकार उनका खून चूसने में लगी हुई है. उनको परेशान कर रही है. उन्हें हर तरफ से तंग कर रही है. इस महामारी के दौरान इन लोगों को उनकी सहायता करनी चाहिए.
WATCH LIVE TV
