News in Brief

नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी. इस दौरे पर टीम इंडिया महिला क्रिकेट के इतिहास में पहली बार डे-नाइट का टेस्ट खेलेगी. टीम इंडिया का ऑस्ट्रेलिया दौरा 30 सितंबर से तीन अक्टूबर तक होगा.

डे-नाइट टेस्ट मैच पर्थ में खेला जाएगा, जहां अभी तक दिन रात का टेस्ट नहीं हुआ है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव जय शाह ने गुरुवार को ट्विटर पर यह जानकारी दी. जिसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कार्यक्रम की घोषणा की.

पहला डे-नाइट टेस्ट खेलगी भारतीय महिला टीम

शाह ने ट्विटर पर कहा कि यह महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की भारत की रणनीति का हिस्सा है.

शाह ने ट्वीट किया, ‘महिला क्रिकेट के लिए अपनी प्रतिबद्धता को आगे ले जाते हुए मुझे यह घोषणा करते हुए अपार हर्ष हो रहा है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया में दिन रात का टेस्ट खेलेगी’.

भारतीय महिला टीम 16 जून से इंग्लैंड में टेस्ट खेलेगी जो सात साल में उसका पहला टेस्ट होगा. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट के साथ में तीन वनडे (19 से 24 सितंबर) और टी20 श्रृंखला (सात से 11 अक्टूबर) भी खेलेगी.

7 साल बाद टेस्ट खेलेगी टीम इंडिया

अभी दौरे के कार्यक्रम की घोषणा नहीं हुई है लेकिन इसके सितंबर के मध्य में होने की संभावना है. भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी बार 2006 में टेस्ट खेला था.

महिला क्रिकेट में अभी तक दिन रात का एकमात्र टेस्ट ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच नवंबर 2017 में सिडनी में खेला गया है जो ड्रॉ रहा था.

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ही महिला क्रिकेट में ऐसी दो टीमें हैं जो लगातार टेस्ट खेलती है. भारतीय टीम इन दोनों के खिलाफ टेस्ट खेलेगी.

ऑस्ट्रेलिया की कप्तान मैग लानिंग ने कहा, ‘हम लंबे समय से कहते आ रहे हैं कि टेस्ट क्रिकेट और होने चाहिए. यह रोमांचक होगा. भारतीय टीम इंग्लैंड में टेस्ट खेलेगी और इससे पता चलता है कि वह चुनौती के लिए तैयार होगी’.