
रक्षा मंत्रालय

भारत और ब्रिटेन ने रक्षा सलाहकार समूह की 25वीं बैठक आयोजित की
प्रविष्टि तिथि: 21 AUG 2026 9:13PM by PIB Delhi
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने 21 अगस्त, 2026 को नई दिल्ली में ब्रिटेन के रक्षा विभाग के परमानेंट अंडर सेक्रेटरी (पीयूएस) श्री जेरेमी पोकलिंगटन के साथ 25वीं भारत-ब्रिटेन रक्षा सलाहकार समूह (डीसीजी) की बैठक की सह-अध्यक्षता की। दोनों देशों ने ‘भारत-ब्रिटेन विजन 2035’ और ‘दस-वर्षीय रक्षा औद्योगिक रोडमैप’ के तहत अनुसंधान एवं विकास पर विशेष बल देते हुए रक्षा औद्योगिक सहयोग की समीक्षा की।
दोनों पक्ष भारत और ब्रिटेन की सेनाओं के बीच संयुक्त अभ्यास, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण के माध्यम से आपसी आदान-प्रदान को बढ़ाने पर सहमत हुए। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मजबूत समुद्री सुरक्षा सहयोग के महत्व को भी रेखांकित किया, जिसमें हिंद-प्रशांत महासागर पहल (आईपीओआई) के तहत ‘क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र’ (आरएमएससीई) की स्थापना भी शामिल है।
सचिवों ने क्षेत्रीय शांति एवं सुरक्षा के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और आपसी सुरक्षा तथा रणनीतिक स्वायत्तता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों पक्षों ने फिर से कहा कि भारत-ब्रिटेन रणनीतिक साझेदारी शांति, स्थिरता, स्वतंत्रता और आपसी सम्मान जैसे साझा मूल्यों पर आधारित है।
ब्रिटेन के रक्षा विभाग में परमानेंट अंडर सेक्रेटरी के रूप में श्री जेरेमी पोकलिंगटन का यह भारत का पहला दौरा था। रक्षा सलाहकार समूह की बैठक से पहले उन्होंने राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया। श्री जेरेमी ने गांधी स्मृति संग्रहालय और नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय का भी दौरा किया। इस दौरे के दौरान उन्होंने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी की।
इस दौरे ने दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग और आपसी हित से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से विचारों के आदान-प्रदान को रेखांकित किया।


*****
पीके/केसी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2302251) आगंतुक पटल : 4

