News in Brief

सिडनी: भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus in India) के नए मामलों और मौतों के आंकड़ों में उतार-चढ़ाव जारी हैं. देशभर में एक बार फिर संक्रमितों की संख्या बढ़ी है और पिछले 24 घंटे में 1.33 लाख नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 3205 लोगों की मौत हुई है. भारत की स्थिति सुधारने के लिए कई खिलाड़ी मदद के लिए आगे आए हैं.

अब स्टार तेज गेंदबाज पैट कमिंस (Pat Cummins) समेत ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रिकेटर 12 घंटे के गेमिंग लाइव स्ट्रीम में भाग लेंगे, जिसके जरिए कोरोना संकट से जूझ रहे भारत की मदद के लिए यूनिसेफ पैसा जुटा सके.

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स ने जीता दिल

तेज गेंदबाज जोश लालोर (Joshua Lalor) की पहल पर हो रही इस मुहिम में कमिंस, स्पिनर नाथन लियोन, हरफनमौला और तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड भाग लेंगे. वे क्रिकेट के बारे में बात करने के साथ अपने गेमिंग कौशल की भी बानगी पेश करके एक लाख डॉलर एकत्र करेंगे.

यह मुहिम एक बजकर तीस मिनट पर शुरू होगी जिसमें मोइजेस हेनरिक्स, महिला क्रिकेटर एलिसा हीली और दक्षिण अफ्रीका की रीली रोसोउ भी हिस्सा लेंगी.

जोश लालोर ने शुरू की पहल

लालोर ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर होने के नाते हमारा भारतीयों से अनूठा रिश्ता है. भारतीय क्रिकेट के दीवाने हैं और हर क्रिकेटर का तहेदिल से स्वागत करते हैं. हम भारत के लिये धन जुटा सके तो काफी अच्छा होगा’.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (Cricket Australia) के नए सीईओ निक हॉकली और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर संघ के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग भी इसमें भाग लेंगे.बता दें कि ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट अभी तक भारत कोरोना संकट अपील पर 2,80,000 डॉलर एकत्र कर चुका है.

देशभर में 24 घंटे में 133228 नए केस आए सामने

वर्ल्डोमीटर के अनुसार, पिछले 24 घंटे में भारत में 1 लाख 33 हजार 228 लोग कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित हुए है, जबकि इस दौरान 3205 लोगों की जान गई. इसके बाद भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 2 करोड़ 83 लाख 6 हजार 883 हो गई है, जबकि 3 लाख 35 हजार 114 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं.