Abbas Araghchi on Volodymyr Zelensky News: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले 4 साल से जंग लगातार जारी है. इस जंग में दोनों ओर के सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं और हजारों इमारतें तबाह हो चुकी हैं. अमेरिका और पश्चिमी देशों की भरपूर मदद के बावजूद यूक्रेन के राष्ट्रपति अब तक अपने देश पर रूसी हमले नहीं रोक पाए हैं. इसके बावजूद उन्हें ईरान में कथित तानाशाही की बहुत चिंता सता रही है. 

‘दुनिया अब ऐसे भ्रमित जोकरों से ऊब चुकी’

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में जेलेंस्की के आरोपों पर अब ईरान ने तीखा पलटवार किया है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि जेलेंस्की भ्रमित जोकर हैं. वे अमेरिका और यूरोप के करदाताओं के पैसे लूटकर अपने भ्रष्ट जनरलों की जेब भर रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखते हुए अराघची ने कहा, ‘दुनिया अब ऐसे भ्रमित जोकरों से ऊब चुकी है, मिस्टर जेलेंस्की. ईरानी लोग अपनी रक्षा करना जानते हैं. हमें विदेशियों से भीख मांगने की जरूरत नहीं है.’

जेलेंस्की पर क्यों हमलावर हुए अराघची?

असल में जेलेंस्की पर अराघची इसलिए भड़के क्योंकि उन्होंने अपने देश की बात करने के बजाय ईरान के बारे में गंभीर चिंता जताई थी. दावोस में संपन्न हुए वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में जेलेंस्की ने कहा, ‘इस खून-खराबे के बाद ईरान क्या बनेगा? अगर यह शासन बच जाता है तो इससे हरेक दबंग शासक को यह संदेश जाएगा कि लोगों को खूब मारो और फिर भी सत्ता में बने रहो.’

ज़ेलेंस्की ने ईरान में मृतकों की बढ़ती संख्या को लेकर पश्चिमी देशों की आलोचना भी की. उन्होंने कहा, ईरान में विरोध प्रदर्शनों को लेकर बहुत बातें हुईं, लेकिन वे खून में डूब गए. दुनिया ने ईरानी जनता की खास मदद नहीं की और दर्शक बनी रही. जब तक पश्चिमी नेता क्रिसमस और नए साल की छुट्टियां मनाकर लौटे, तब तक अयातुल्ला हजारों लोगों को मार चुका था.

यूक्रेनी राष्ट्रपति को ईरान ने दिखाया आइना

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि अगर ईरान का धार्मिक नेतृत्व सत्ता में बना रहता है, तो यह हर तानाशाह के लिए खतरनाक संकेत होगा. जेलेंस्की की इन टिप्पणियों के बाद ईरान का नेतृत्व उखड़ा हुआ है. जिसके बाद अब अराघची ने पलटवार कर उन्हें आईना दिखाया है. 

अराघची का कहना है कि जेलेंस्की की बातों का कोई मतलब नहीं है. अमेरिका और पश्चिमी देशों से पैसा बटोकर वे अपनी तिजोरियां भर रहे हैं. लेकिन जनता की कोई परवाह नहीं है. लेकिन ईरान ऐसा नहीं है. वह अपनी रक्षा करना जानता है और इसके लिए उसे दूसरे मुल्कों के आगे हाथ फैलाने की जरूरत नहीं है.

अब तक 3 हजार से ज्यादा की मौत

बताते चलें कि ईरान में हुए विरोध प्रदर्शन में अब तक 3 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी हैं. हालांकि मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि मृतकों की संख्या इससे कई गुणा ज्यादा हो सकती है. इसके साथ ही हजारों लोगों को पकड़कर जेल में डाला गया है. ईरान में 2 हफ्ते से इंटरनेट बैन है, जिसकी वजह से सही जानकारी बाहर नहीं आ पा रही है. 

अमेरिका और पश्चिमी देश इस हिंसा के खामेनेई को दोषी ठहराते हुए लोगों से उनके शासन के खिलाफ उठ खड़े होने की बात कर रहे हैं. हालांकि जेलेंस्की के ईरान पर फायर होने की बड़ी वजह कुछ और थी. असल में यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में ईरान अपने मित्र रूस को कई हथियारों की सप्लाई कर रहा है. खासकर ईरान के आत्मघाती ड्रोनों ने यूक्रेन में भारी तबाही मचाई है. जिससे जेलेंस्की उखड़े हुए हैं. हालांकि ईरान ने बार-बार इन आरोपों से इनकार किया है.