US Canada trade tension: ‘तुम अगर मुझको न चाहो तो कोई बात नहीं तुम किसी और को चाहोगी तो मुश्किल होगी’. डोनाल्ड ट्रंप अब कुछ इस अंदाज में अपने पड़ोसियों को धमका रहे हैं. वेनेजुएला में तख्तापलट कराने के बाद ग्रीनलैंड और कनाडा को जबरन अपना बनाने पर तुले ट्रंप ‘साम-दाम-दंड-भेद चारों से अपनी बात मनवाने पर आमादा हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने वीकेंड पर पड़ोसी कनाडा को एक बार फिर से धमकाते हुए कनाडाई लोगों का मूड और संडे दोनों खराब कर दिया है. ट्रंप ने दो टूक कहा कि अगर कनाडा, चीन के साथ नए ट्रेड एग्रीमेंट पर आगे बढ़ता है, तो वह कनाडा से अमेरिका आने वाले एक-एक सामान पर 100 फीसदी टैरिफ लगा देंगे.
चीन, कनाडा को खा जाएगा: ट्रंप
इस बयान के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है. ट्रंप ने कनाडा के पीएम का नाम लेकर नई धमकी जारी की है. अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा- ‘अगर कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ये सोचते हैं कि वो कनाडा को चीन को किसी भी रूप में अमेरिका का विकल्प मान रहे हैं और क्षेत्र में एक ‘ड्रॉप ऑफ पोर्ट’ बनाने जा रहे हैं. तो वो बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं और मुगालते में हैं. उन्होंने ये चेतावनी भी दी है कि अमेरिका अपने पड़ोसी को चीनी सामान के लिए नया गेटवे नहीं बनने देगा.
