News in Brief

कनिराम यादव/आगर मालवाः कोरोना काल के इस दौर में देश में सभी तरह की सेवाओं में लोगों को तकलीफों का सामना करना पड़ा. शिक्षा विभाग में भी अनेक दिक्कतें देखने को मिलीं, कई बच्चों को डेढ़ साल से वह वातावरण नहीं मिल पाया, जिसकी उन्हें जरूरत थी. जिससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास थम गया. ये कहना है मध्य प्रदेश के एक शिक्षक का, जिन्होंने लॉकडाउन में पहल करते हुए नर्सरी से 8वीं कक्षा के छात्रों के लिए ऑनलाइन शिक्षा का इंतजाम कर दिया. वो भी निशुल्क.

बच्चों व पालकों को मिली राहत
यह शिक्षक आगर मालवा जिले के रहने वाले विकास दुबे हैं. उनका कहना है कि पिछले डेढ़ साल से स्कूल बंद हैं. जिसका सीधा असर बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास पर पड़ा. बच्चे बेसिक नॉलेज से दूर होने लगे. इसी को देखते हुए उन्होंने कक्षा के संचालन का फैसला किया, अब बच्चों को बेसिक शिक्षा के साथ ही रिविजन करने को भी मिल रहा है, वो भी बिलकुल निशुल्क. कोरोना काल में ज्यादातर लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई, लेकिन ऑनलाइन शिक्षा से पैरेंट्स के साथ ही बच्चों को भी राहत मिली.

यह भी पढ़ेंः- खुशखबरीः MP में भी मिलेगी DRDO की दवा 2-डीजी, इस तारीख तक आने वाली है पहली खेप

250 बच्चों को पढ़ा रहे हैं विकास
विकास ने बताया कि उनकी ऑनलाइन क्लास में अब पूरे 250 बच्चे हो गए हैं, जैसे-जैसे लोगों को जानकारी मिल रही है, वैसे ही और भी स्टूडेंट आकर कक्षा का हिस्सा बन रहे हैं. इन बच्चों में आगर मालवा जिले के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों के बच्चे भी शामिल है.

WhatsApp ग्रुप से दे रहें जानकारियां
विकास ने इस काम के लिए अपनी स्कूल में मौजूद संसाधनों का उपयोग किया, वह इस काम के लिए अलग से पैसा भी नहीं ले रहे. उनका कहना है कि शिक्षकों को मिलने वाली तनख्वाह से ही उनका काम चल रहा है. उन्होंने बताया कि वो अन्य शिक्षकों के साथ मिलकर बच्चों के पाठ्यक्रम से जुड़े रोचक वीडियो भी बना रहे हैं.

इन वीडियोज को WhatsApp ग्रुप के माध्यम से सभी स्टूडेंट्स के लिए उपलब्ध भी करा रहे हैं. ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेसिंग ऐप के माध्यम से प्रोजेक्टर की सहायता लेकर अलग-अलग कक्षाओं की ऑनलाइन कक्षाएं ले रहे हैं. उनकी इस पहल से छात्रों के अभिभावक भी खुश नजर आए.

यह भी पढ़ेंः- MP Board: 12वीं की परीक्षाएं होंगी या नहीं? स्कूल शिक्षा मंत्री की बैठक में आज हो जाएगा फैसला

यह भी पढ़ेंः- हिंसा को लेकर बीजेपी ने कसी कमर, 15 के बाद प्रदेश पदाधिकारी-कार्यकर्ता करेंगे बंगाल कूच

WATCH LIVE TV