
Madhubani: मधुबनी में एक महिला ने बैंक के कैशियर पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है. महिला का आरोप है कि कैशियर ने उसके खाते से 7 लाख रुपए की अवैध निकासी की है. अब न्याय नहीं मिलने पर पीड़ित महिला ने आत्मदाह की चेतावनी दी है.
बता दें कि मामला हरलाखी थाना क्षेत्र के विशौल गांव का है. महिला फाजिला खातून को जब पता चला कि उसके खाते से 7 लाख रुपए निकाल लिए गए हैं तो उसके पैरो तले जमीन खिसक गई.
दरअसल, फाजिला का पति विदेश में है और वह हर महीने अपनी पत्नी के खाते में पैसा भेजता है. फाजिला का आरोप है कि बैंक का कैशियर घर आकर कभी केवाईसी तो कभी आधार लिंक के नाम पर अंगूठे का निशान लेकर जाता था. महिला अनपढ़ है उसे इस बात का पता बिल्कुल भी नहीं लगा कि उसके खाते से अवैध रूप से पैसे की निकासी हो रही है और धीरे-धीरे महिला के खाते से करीब साढ़े 7 लाख रुपए निकाल लिए गए.
ये भी पढ़ें- अब बिहार में पुलिसकर्मियों को ऑन ड्यूटी मोबाइल फोन रखना होगा ऑफ, आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई
कैसे हुआ मामले का खुलासा
इस बात का खुलासा तब हुआ जब महिला के पति मो. सिराजुल विदेश से गांव लौटे और घर बनाने के लिए बैंक से रुपए निकालने गए. वहां जाकर पता चला कि उसके खाते में पैसे ही नहीं थे.
ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट निकलवाने के बाद उसे पता चला कि उसके खाते से कई किस्तों में लाखों रुपए निकाले जा चुकें हैं. जब उन्होंने अपनी पत्नी से पूछा तो उन्हें पूरा मामला समझ मे आया.
बहरहाल महिला ने इस मामले को लेकर बैंक के वरीय अधिकारी को लिखित शिकायत भेजकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं, आरबीआई अधिकारियों को पत्र भेजकर रकम नहीं मिलने पर आत्मदाह करने की भी चेतावनी दी है. लेकिन अब शिकायत दर्ज कराने के बाद से महिला समेत उनको मदद करने वालों को कुछ असामाजिक तत्वों से धमकी मिल रही है और उल्टे फर्जी मुकदमे में फसाने का बात कही जा रही है. जिससे महिला और उसका परिवार दहशत में है.
हालांकि, इस मामले में सफाई देते हुए बैंक के प्रबंधक मनोज प्रसाद ने बताया कि महिला का आरोप बेबुनियाद है. लेकिन विभागीय जांच भी चल रही है जिसमें इसका खुलासा हो जाएगा. बहरहाल अब देखना है कि वरीय अधिकारियों के द्वारा पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है.
