
Virat Kohli Fan: क्रिकेट की दुनिया में कोई ऐसा कोना नहीं है, जहां विराट कोहली के फैंस मौजूद नहीं हैं. कभी-कभी ये फैन मैच के दौरान जान को जोखिम में डालकर अपने पसंदीदा खिलाड़ी से मिलने के लिए मैदान में घुस जाते हैं. भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच हुए दूसरे वनडे में भी यही नजारा देखने को मिला. राजकोट में जब विराट कोहली फील्डिंग कर रहे थे, तभी उनका एक प्रशंसक सुरक्षा घेरा को तोड़कर मैदान में घुस आया. उसे अपने पास दौड़ते हुए आते देख टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज का दिल भी पिघल गया और उसके बाद उन्होंने जो किया वो करोड़ों फैंस का दिल जीत रहा है.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें देख सकते हैं कि राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में एक फैन तेजी से दौड़ते हुए विराट कोहली के पास पहुंचा. हालांकि, तुरंत सुरक्षाकर्मी भी वहां पहुंच गए. फैन विराट कोहली से मिलकर उनके साथ तस्वीर खिंचवाना चाहता था, फिर कोहली ने क्या किया? आइए जानते हैं.
फैन को देख पिघला विराट कोहली का दिल
पिछले 1-2 सालों से आपने कई बार देखा होगा कि विराट कोहली और रोहित शर्मा से मिलने के लिए फैन अपनी चिंता किए बिना मैदान पर एंट्री मार लेते हैं. हालांकि, ऐसा करना खतरे से खाली नहीं है और उसके लिए उन्हें पुलिस से मार भी पड़ती है और साथ में थाने के चक्कर भी लगाने पड़ते हैं. इसके बावजूद कई फैंस हंसते-हंसते ये जोखिम उठाने को तैयार रहते हैं. राजकोट में भी यही हुआ.
एक फैन दौड़ते हुए विराट कोहली के पास पहुंच गया. जब कोहली की नजर उसपर पड़ी तो उन्होंने उसे आराम से आने को कहा. फिर स्टार भारतीय खिलाड़ी ने उसे गले भी लगाया. इतने में सुरक्षाकर्मी वहां पहुंच गए. विराट कोहली ने उनसे कहा कि इसे मारना मत, आराम से ले जाओ. फिर सिक्योरिटी गार्ड्स फैन को बिना कुछ किए मैदान से बाहर ले गए.
— Cricket Hindustan (@goldensports98) January 15, 2026
राजकोट में नहीं चला विराट का बल्ला
वडोदरा में 93 रनों की शानदार पारी खेलने के बाद विराट कोहली से न्यूजीलैंड के खिलाफ राजकोट ODI में भी बड़ी पारी की उम्मीद थी. हजारों फैंस उनके शतक के लिए स्टेडियम में पहुंचे थे, लेकिन इस मुकाबले में पूर्व भारतीय कप्तान कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 23 रन बनाकर आउट हुए. दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली. तीसरा और निर्णायक मुकाबला रविवार, 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें: महज 7 घंटे में छीन गया विराट कोहली से ताज, अब ये खिलाड़ी है ODI का नंबर-1 बल्लेबाज

