News in Brief

Munger: मुंगेर में एक आरपीएफ जवान ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी. पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति ने थाना जाकर खुद को सरेंडर कर दिया. मृतक महिला की मां ने कहा कि दामाद का किसी और के साथ अवैध संबंध था. इसी कारण मेरी बेटी की हत्या हुई. पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है.

मुंगेर में कोतवाली थाना क्षेत्र के कटघर निवासी आरपीएफ जवान पंकज कुमार पासवान ने अपनी पत्नी साक्षी देवी की हत्या उसका गला दबाकर कर दी और खुद को पुलिस के सामने जाकर सरेंडर कर दिया.

पंकज कुमार पासवान जमालपुर में आरपीएफ कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत हैं. इस संदर्भ में मृतिका की मां सुभद्रा देवी की मानें तो डेढ़-दो वर्ष पूर्व उनकी बेटी साक्षी की शादी पंकज से हुई है.
महिला ने कहा कि शादी के बाद कुछ दिनों तक मेरी बेटी का वैवाहिक जीवन ठीक-ठाक चला पर कुछ दिनों बाद पंकज ने मेरी बेटी को मारा-पीटा जिस पर मेरा बेटा अपने बहनोई को समझाने गया तो पंकज ने उसे ही बेइज्जत कर दिया और हथियार लेकर उनके साथ मारपीट के लिए उतारू हो गया.

वहीं, मृतक महिला की बहन दीपा कुमारी ने कहा कि इस घटना के बाद सुभद्रा देवी (महिला की मां) ने अपनी बेटी को मायके बुला लिया पर पंकज ने जहर खाने का बहाना बनाकर साक्षी को अपने पास बुला लिया और आज गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.

ये भी पढ़ें- बिहार में Lockdown के दौरान शादी में शामिल होंगे 20 लोग, जानें क्या खुलेगा और क्या रहेगा बंद

इस हत्या के पीछे लड़की पक्ष के लोग लड़के का किसी अन्य महिला के साथ अवैध सम्बन्ध बता रहे हैं. मुंगेर कोतवाली के थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस ने इस संदर्भ में मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले की छानबीन में जुट गई है.

 (इनपुट- प्रशांत कुमार)