News in Brief

Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों का तांडव लगातार जारी है. लॉकडाउन में भी बेखौफ अपराधी जमकर उत्पात मचा रहे हैं. ताजा मामला जिले के नगर थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार स्थित सेंट्रल बैंक का है जहां बैंक का कैश गेट पर खड़े कैश वैन में लोड हो रहा था. 

इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने कैश लूटने का प्रयास किया. बदमाशों ने कैश बैग छीनने की कोशिश की. इसके बाद सुरक्षा गार्ड और अपराधियों के बीच बैंक गेट पर ही मुठभेड़ शुरू हो गई.

दोनों तरफ से मौके पर करीब आधा दर्जन से अधिक राउंड गोलीबारी हुई है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.  आनन-फानन में कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर डीएसपी टाउन नरेश पासवान भी पहुंच गए.

डीएसपी ने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया. जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. बैंक में तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने बताया कि दोनों तरफ से फायरिंग हुई है.

ये भी पढ़ें- BJP के ‘पितामह’ लालकृष्ण आडवाणी को गिरफ्तार कर चर्चा में आया था ये IAS, आज है केंद्रीय मंत्री

इस दौरान एक कैश वैन के गार्ड को गोली लगी है. नगर थानेदार ओम प्रकाश ने बताया कि बदमाशों ने घटना को अंजाम देने का प्रयास किया पर वह सफल नहीं हो पाए. अपराधी कैश नहीं लूट  पाए हैं.  

पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि बदमाशों के साथ जारी मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में एक गार्ड को भी गोली लगी है. गार्ड का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और खतरे से बाहर है.
इस बात की संभावना जताई जा रही है कि गार्ड द्वारा किए गए गोलीबारी के बाद संभव है कि  एक अपराधी को भी गोली लगी है लेकिन वह अपने साथियों के साथ भागने में कामयाब हो गया.(इनपुट- मनोज)