
Patna: आज नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे हुए 7 साल पूरे हो चुके हैं. लेकिन इस बार परिस्थितियां कुछ अलग है. इन 7 सालों में ऐसा पहली बार हुआ है कि PM Narendra Modi मुश्किल में घिरे दिख रहे हैं.
प्रधानमंत्री इस समय अपने ताजा दौर की सबसे बड़ी चुनौती से जूझ रहे हैं. ऐसे में लोगों का मानना है कि पहली बार काफी संख्या में मोदी समर्थक आंख मूंद कर उनको सपोर्ट करने से पीछे हटते नजर आ रहे हैं.
वहीं, इन्हीं परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए मोदी सरकार के 7 साल पूरे हो जाने पर RJD के कार्यकर्ताओं ने एक पोस्टर जारी किया है. इस पोस्टर में आरजेडी ने मोदी सरकार के शासन के दौरान सात साल में जनता को हुई 7 बड़ी परेशानियों का जिक्र किया है. इनमें बेरोजगारी, महंगाई से लेकर कोरोना काल मे हुई परेशानियां शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- बिहार में लगेगा Lockdown 4? सोमवार को CM नीतीश कुमार लेंगे बड़ा फैसला
पोस्टर में सबसे ऊपर लिखा गया है कि ‘मोदी तेरे सात साल में जनता हुई बेहाल.’ आरजेडी के द्वारा पोस्टर के जरिए महंगाई, बेरोजगारी, नोट बंदी, आदि को दर्शाया गया है. पोस्टर में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने लिखा है कि ‘हमारे देश को एशिया का सबसे गरीब देश बना दिया. पापनाशिनी गंगा को शव-वाहिनी गंगा बना दिया.’
आरजेडी कार्यकर्ताओं का कहना है कि मोदी सरकार ने ‘2 करोड़ प्रत्येक साल नौकरी देने का वादा करके युवाओं को नौकरी नहीं देकर ठगने का काम किया है.’ उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि समय पर वैक्सीन नहीं उपलब्ध कराने के कारण कोरोना ने महामारी का रूप लिया और आप की नासमझी के कारण लाखों लोगों की जान चली गई.
वहीं, केंद्र में 7 साल पूरे हो जाने पर कोरोना के मद्देनजर बीजेपी आज ‘सेवा ही संगठन’ अभियान के तहत देश के गांवों में कोविड से संबंधित विशेष राहत व बचाव को लेकर अभियान चला रही है.
