Sydney Thunder vs Melbourne Renegades Big Bash League: पाकिस्तान के खिलाड़ियों के लिए ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग कुछ अच्छा नहीं रहा है. वहां बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की काफी बेइज्जती हो रही है. वे रन बनाने के लिए तरस रहे हैं. अब तो कुछ ऐसा हुआ है जिसने सबको हैरान कर दिया. मेलबर्न रेनेगेड्स और सिडनी थंडर के बीच सोमवार (12 जनवरी) को मैच में रिजवान को रिटायर्ड आउट होना पड़ा. उन्हें टीम के कप्तान विल सदरलैंड ने धीमी बल्लेबाजी के कारण पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज को बीच में ही बुला लिया.
रिजवान का शर्मनाक प्रदर्शन
रिजवान को उनकी धीमी बल्लेबाजी की वजह से जबरन रिटायर्ड आउट करवा दिया गया.सोमवार को सिडनी थंडर के खिलाफ मुकाबले में रिजवान को बल्लेबाजी के लिए चौथे स्थान पर भेजा गया था. रिजवान क्रीज पर गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए दिखे. 23 गेंद पर 26 रनों की पारी में उन्होंने 2 चौके और 1 छक्का जरूर लगाया था, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट महज 113.04 का था. यह टीम की उम्मीदों के मुताबिक नहीं था. इस वजह से कप्तान ने उनसे रिटायर्ड आउट होने का इशारा किया. कप्तान से इशारा मिलने के बाद न चाहते हुए भी रिजवान सर झुकाए पेवेलियन की ओर लौट आए.
मेलबर्न ने बनाए 170 रन
मेलबर्न रेनेगेड्स 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर महज 170 रन बना सकी. रिजवान का नाम पाकिस्तान के मौजूदा दौर के बड़े क्रिकेटरों में शुमार होता है. टी20 फॉर्मेट में वह लंबे समय से स्ट्राइक रेट को लेकर संघर्ष करते रहे हैं. रिजवान आधुनिक समय में टी20 में जिस गति के साथ बल्लेबाजी हो रही है, उसे कर पाने में समर्थ नहीं रहे हैं और इसी वजह से पाकिस्तान टी20 टीम से बाहर हैं. टी20 विश्व कप 2026 की टीम में भी उन्हें मौका मिलने की संभावना बहुत कम है.
ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी से लेकर समीर मिन्हास तक… अंडर-19 वर्ल्ड कप में धमाके के लिए तैयार ये 5 खिलाड़ी
पाकिस्तानियों की हालत खराब
बिग बैश लीग 2025-26 की शुरुआत से पहले पाकिस्तानी मीडिया ने लीग को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया था. इसकी वजह सीजन में बाबर आजम, रिजवान, शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ और शादाब खान जैसे क्रिकेटरों का लीग का हिस्सा होना था, लेकिन ये सभी क्रिकेटर पूरी तरह फ्लॉप रहे हैं. शाहीन अफरीदी इंजरी की वजह से पाकिस्तान लौट चुके हैं, तो साधारण प्रदर्शन के बाद शादाब खान श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम का हिस्सा बन चुके हैं. हारिस रऊफ लगातार महंगे साबित हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें: जीत के बावजूद दूसरे वनडे की प्लेइंग इलेवन में होंगे बड़े बदलाव! कप्तान शुभमन गिल ने दे दिए संकेत
बाबर और रिजवान का प्रदर्शन
बाबर आजम ने सिडनी सिक्सर्स के लिए सीजन के 8 मैचों में 25.66 की औसत और 104.05 की स्ट्राइक रेट से महज 154 रन बनाए हैं. रिजवान का औसत और स्ट्राइक रेट बाबर आजम से भी खराब है. रिजवान ने 8 मैचों में 20.87 की औसत और 101.82 की स्ट्राइक रेट से 167 रन बनाए हैं.
