News in Brief

Yuki Bhambri ATP Rankings: भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी ने इतिहास रच दिया है. उन्होंने एटीपी रैंकिंग में बड़ी सफलता हासिल करते हुए टॉप-20 में एंट्री मारी है. भांबरी ने एटीपी रैंकिंग में करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व नंबर 20 रैंक हासिल की है. वह महान खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने स्पेशल क्लब में शामिल हो गए हैं. भांबरी टॉप 20 में जगह बनाने वाले बोपन्ना के बाद दूसरे भारतीय पुरुष युगल खिलाड़ी बन गए हैं.

एटीपी युगल रैंकिंग में रचा इतिहास

पिछली रैंकिंग में 22वें स्थान पर रहे भांबरी ने बड़ी छलांग लगाते हुए पहली बार अपने करियर में एटीपी युगल रैंकिंग के एलीट टॉप 20 में आधिकारिक तौर पर प्रवेश किया है. यह रैंकिंग में उछाल 33 वर्षीय खिलाड़ी के शानदार प्रदर्शन के कारण आया है, जिन्होंने कई एटीपी टूर फाइनल में हिस्सा लेने के साथ ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है.

Add Zee News as a Preferred Source

ऑस्ट्रेलियन ओपन में किया शानदार प्रदर्शन

युकी भांबरी ने स्वीडन के आंद्रे गोरान्सन के साथ जोड़ी बनाकर साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने तीसरे दौर में पहुंचकर रैंकिंग अंक हासिल किए. पहले दौर में स्थानीय वाइल्डकार्ड जेम्स डकवर्थ और क्रूज हेविट को हराने के बाद भांबरी और गोरान्सन ने दूसरे दौर में सैंटियागो गोंजालेज और डेविड पेल के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए 4-6, 7-6 (5), 6-3 से जीत दर्ज की, लेकिन ​​अगले दौर में ब्राजीलियाई जोड़ी ऑरलैंडो लूज और राफेल माटोस से कड़े मुकाबले में 6-7(7), 3-6 से हार गए.

ये भी पढ़ें: WPL 2026 के फाइनल में आएगा रनों का तूफान, दिल्ली कैपिटल्स की इन 3 ‘शेरनियों’ को रोकना RCB के लिए नहीं होगा आसान

2025 से शानदार फॉर्म में भांबरी

युकी भांबरी 2025 सीजन से लगातार आगे बढ़ रहे हैं. उसी साल उन्होंने न्यूजीलैंड के माइकल वीनस के साथ यूएस ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, जहां वे एक सेट और ब्रेक की बढ़त होने के बावजूद चौथी वरीयता प्राप्त ब्रिटिश जोड़ी जो सैलिसबरी और नील स्कप्स्की से बेहद करीबी मुकाबले में हार गए. मार्च 2025 में भांबरी ने दुबई टेनिस चैंपियनशिप में अपना पहला एटीपी 500 खिताब जीता था.