
Iran Islamic Revolutionary Guards: ईरान में बढ़ते भीषण विरोध प्रदर्शन के बीच प्रदर्शनकारियों के साथ अत्याचार को लेकर यूरोपीय संघ (EU) ने खामेनेई की सेना इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कोर (IRGC) को अल-कायदा, इस्लामिक स्टेट, दाएश और हमास जैसे आतंकवादी समूहों के साथ लिस्ट करने का ऐलान किया है. बता दें कि रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स पर 6,373 लोगों की हत्या करने का आरोप लगा है. अब EU के इस फैसले पर ईरान की प्रतिक्रया सामने आई है.
EU के फैसले को बताया बड़ी गलती
ईरान के विदेश मंत्री ने शुक्रवार 30 जनवरी 2026 को EU की ओर से ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स को आतंकवादी संगठन घोषित करने के फैसले की आलोचना की. तेहरान ने इसे एक रणनीतिक गलती बताया और कहा कि इससे क्षेत्रीय मामलों में यूरोप की भूमिका कमजोर हो जाएगी. ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस्तांबुल में बोलते हुए कहा कि EU का यह कदम क्षेत्रीय वास्तविकताओं और अपने खुद के हितों के बारे में यूरोप की गलतफहमी को दर्शाता है. उन्होंने कहा,’ यूरोप इस तरह के कदम उठाकर अपनी स्थिति को कमजोर कर रहा है. यूरोपीय लोगों को जल्द ही अपनी गलती का एहसास हो जाएगा.’
ये भी पढ़ें- अल कायदा और हमास के साथ आतंकी घोषित होगी खामेनेई की सेना, प्रदर्शकारियों पर क्रूर अत्याचार के बाद EU ने लिया फैसला
अराघची की तुर्की यात्रा
अराघची ने अपनी तुर्की यात्रा के बारे में बात करते हुए कहा कि उनसे कुछ महीने पहले तुर्की के विदेश मंत्री ईरान आए थे और इसका मकसद द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा के साथ-साथ दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करना है. उन्होंने ईरान और तुर्की के बीच संबंधों को राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में गहरा बताया. इसके अलावा उन्होंने क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर नियमित राय का भी जिक्र किया.उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय तनाव में बढ़ोत्तरी और अमेरिका समेत अन्य देशों की ओर से अपनाई गई पॉलिसी के चलते क्षेत्रीय देशों के बीच नजदीकी सहयोग आवश्यक हो गया है.
ये भी पढ़ें- DNA: सऊदी, कतर और UAE… ईरान के खिलाफ संघर्ष में अमेरिका से क्यों मोड़ रहे खाड़ी देश? ट्रंप की बारूदी ताकत पर भारी पड़ेगी इस्लामिक एकता!
आतंकी घोषित खामेनेई की सेना
बता दें कि EU ने ईरान में प्रदर्शन के दौरान इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर की ओर से की गई हिंसक कार्रवाई के जवाब में उसे आतंकी संगठन की लिस्ट में डालने का फैसला किया है. इसको लेकर EU की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने कहा कि यह फैसला यूनियन के 27 सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की सहमति से लिया गया. कल्लास ने कहा कि इस कदम से रिवोल्यूशनरी गार्ड्स को अल कायदा, हमास और इस्लामिक स्टेट जैसे समूहों के बराबर दर्जा मिल जाएगा. वहीं ईरान ने EU के इस कदम को बार-बार खारिज करते हुए गार्ड्स को एक वैध राज्य संस्था बताया और यूरोप पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाया.
