Zelensky on Hungarian PM Viktor Orban Belly: रूस और यूक्रेन के बीच जंग पिछले 4 साल से निरंतर जारी है. इसके बावजूद दोनों में से कोई भी झुकने को तैयार नहीं है. अब यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के समर्थक हंगरी के पीएम विक्टर ओरबान के पेट का मजाक उड़ाया है. उन्होंने कहा कि रूस के खिलाफ यूक्रेन की लड़ाई से यूरोप को स्वतंत्र रूप से जीने का मौका मिल रहा है. लेकिन अपनी सेनाओं को मजबूत करने के बजाय विक्टर अपना पेट बड़ा करने में लगे हैं.

‘सेनाओं के बजाय बढ़ा रहे अपना पेट’

म्यूनिख में आयोजित सुरक्षा सम्मेलन में बोलते हुए जेलेंस्की ने कहा, ‘एक संप्रभु मोल्दोवा और तानाशाही रहित रोमानिया हो सकता है. यहां तक कि एक विक्टर भी सोच सकता है कि सेनाओं के बजाय अपना पेट कैसे बढ़ाना है. जिससे रूसी टैंक बुडापेस्ट की सड़कों पर वापस न लौट आएं.’ 

Add Zee News as a Preferred Source

उन्होंने कहा, ‘लेकिन कीमत देखिए. यूक्रेन ने जो दर्द सहा है, वो देखिए. यूक्रेन ने जो पीड़ा झेली है, वो देखिए. यूरोपीय मोर्चे को संभालने वाले यूक्रेनी हैं. उसी की वजह से यूरोप अपने आप को सेफ महसूस कर रहा है.’ 

हंगरी और यूक्रेन में तनातनी की वजह

बताते चलें कि यूक्रेन के हंगरी के साथ संबंध पिछले कई वर्षों से तनावपूर्ण रहे हैं. इसकी वजह ये है कि हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ओरबान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के समर्थक रहे हैं. वे जब तब रूस के समर्थन में बयान देते रहे हैं. हाल के दिनों में ओरबान और जेलेंस्की के संबंध ज्यादा खराब हो गए हैं. इसकी वजह ये है कि दो महीने बाद अप्रैल में संसदीय चुनाव होने हैं. जिसमें बढ़त बनाने के लिए विक्टर ओरबान लगातार यूक्रेन पर जुबानी हमला बोल रहे हैं. 

रूस के साथ संबंध बिगाड़ने को तैयार नहीं

यही नहीं, रूस के आक्रमण के कुछ दिनों बाद ही जेलेंस्की ने यूरोपीय संघ में शामिल होने के लिए आवेदन किया था. लेकिन नाटो मेंबर हंगरी के पीएम ओरबान ने उस पर वीटो लगा दिया था. जिसके चलते बात जहां की तहां अटक कर रह गई. ईयू का मेंबर होने के बावजूद हंगरी ने रूस से अपने आर्थिक संबंधों में कोई गिरावट नहीं लाई है. वह आज भी वैसे ही रूस से व्यापार कर रहा है, जैसे पहले करता था.