News in Brief

Jaipur: गुडामालानी से विधायक हेमाराम चौधरी के इस्तीफे के बाद प्रदेश में लगातार सियासत गरमाती जा रही है. भाजपा के प्रदेश से लेकर केंद्र तक के नेता लगातार गहलोत सरकार को हेमाराम चौधरी के इस्तीफे के बाद घेरने में लगे हुए हैं. इस बीच, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने भी गुड़ामालानी विधायक हेमाराम चौधरी के इस्तीफे को लेकर गहलोत सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है.

केंद्रीय कृषि कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने हेमाराम के इस्तीफे को लेकर कहा कि ‘कोई इस्तीफा कब देता है जब पानी सर से ऊपर निकल जाता है यही बात हेमाराम चौधरी के साथ बीती होगी, तब जाकर उन्होंने इस्तीफा दिया है.’ उन्होंने कहा अभी पूरे प्रदेश के अंदर भ्रष्टाचार का आलम है. सरकार के मंत्री लगातार लूटने में लगे हुए हैं. यह सब देख कर मुझे लग रहा है कि सरकार अब प्रदेश के अंदर सिर्फ अपना काम करने में लगी हुई है. सरकार की अब इस नाव के अंदर छेद हो चुका है.

ये भी पढ़ें-Rajasthan: कांग्रेस के एक और MLA ने खोला मोर्चा! कहा-सरकार में सत्ता का विकेंद्रीकरण होना चाहिए

मंत्री ने कहा कि ‘निश्चित तौर पर आने वाले समय में यह नाव डूबेगी. यह सरकार अब वेंटिलेटर पर अपनी आखिरी सांसें गिन रही है. विधायक मंत्रियों पर आरोप लगा रहे हैं और मंत्री लूटने में लगे हुए हैं. इस दौरान मंत्री कैलाश चौधरी ने रिफाइनरी के अस्पताल की जगह परिवर्तन को लेकर भी बिना नाम लिए हुए राजस्व मंत्री हरीश चौधरी पर बड़ा हमला बोला.

कैलाश चौधरी ने कहा कि रिफाइनरी का अस्पताल भारत सरकार की HPCL की ओर से निर्माण करवाया जा रहा है. लेकिन जमीन आवंटन का काम राज्य सरकार का है. पर यहां की सरकार लगातार क्रेडिट लेने में लगी हुई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर लूट की होड़ मची हुई है. मंत्री जनता की रक्षा के लिए होता है लेकिन रक्षक ही भक्षक बन रहे हैं इसका उदाहरण आप सांभरा में अस्पताल के नाम पर मंत्री जी ने वहां खड़े रहकर गरीब लोगों के घर उजाड़ दिए.

ये भी पढ़ें-राजस्थान: एक और कांग्रेस MLA का छलका दर्द, इशारों में मंत्री हरीश चौधरी पर लगाए गंभीर आरोप

दरअसल, विधायक हेमाराम चौधरी के इस्तीफे को लेकर गरमाई सियासत के बाद बीजेपी लगातार कांग्रेस पर हमलावर होती जा रही है. वहीं, कांग्रेस इसको अपना पारिवारिक मामला बताकर जल्द सुलझाने का दावा कर रही है. केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने गहलोत सरकार के मंत्रियों पर सनसनीखेज आरोप लगाकर सियासत को एक बार फिर उबाल में लाकर खड़ा कर दिया है.